सड़क और फुटपाथ खाली : गांधी नगर तिराहे से हटाए गए अवैध कब्जे
Wed, Mar 25, 2026
जाम से राहत दिलाने के लिए पालिका और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दोबारा कब्जा करने पर जुर्माने की चेतावनी
उन्नाव। शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त रुख में नजर आ रहा है। बुधवार को व्यस्त कोतवाली तिराहे के आसपास बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर फैले अवैध कब्जों को हटाकर रास्ता खाली कराया गया, जिससे इलाके में काफी समय से लग रहे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। अभियान की अगुवाई सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज ने की। उनके साथ नगर पालिका की टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान सीओ दीपक यादव, कोतवाली प्रभारी सीके मिश्र पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानें, ठेले, टीन शेड और अन्य अवैध ढांचे हटाए गए। कई लोगों ने प्रशासन की सख्ती देखते हुए खुद ही अपना सामान समेट लिया। दरअसल, गांधीनगर तिराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है। यहां लंबे समय से अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। अभियान के दौरान किसी तरह के विरोध या हंगामे की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल को तैनात रखा गया था। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर को व्यवस्थित और जाममुक्त बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा किया तो जुर्माने के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं, व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि सभी दुकानदार तय स्थानों पर ही कारोबार करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। अधिकारियों के मुताबिक, शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर जल्द ही वहां भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
हिट एंड रन : दाह संस्कार से लौट रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत
Tue, Mar 24, 2026
एक्सप्रेसवे किनारे बोलेरो ने मारी टक्कर, 10 फीट दूर जा गिरे बाइक सवार
उन्नाव। देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को एक साथ उजाड़ दिया। दाह संस्कार से लौट रहे तीन युवकों की बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक हवा में उछलकर कई फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास अरगुपुर गांव के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर शाम को दाह संस्कार से लौट रहे थे। जैसे ही वे अरगुपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया गया। फिलहाल, मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार बोलेरो व उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। इलाके में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां : कानून व्यवस्था और मथुरा घटना पर दिया सख्त संदेश
Mon, Mar 23, 2026
लाभार्थियों को वितरित किए चेक और मोपेड, बोले—प्रदेश में दोगुनी हुई प्रति व्यक्ति आय
उन्नाव। सोमवार को विकास कार्यों की समीक्षा के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सामने रखने के लिए प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने दिनभर कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने विकासभवन सभागार में पत्रकारों से बातचीत की और बाद में निराला प्रेक्षागृह में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता वितरित की।
पत्रकार वार्ता में क्या बोले मंत्री
विकासभवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने प्रदेश सरकार के कामकाज का ब्यौरा रखते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2016 की तुलना में आज प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय लगभग दोगुनी हो चुकी है और इन्वेस्टर समिट के जरिए 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं। कानून व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मथुरा में हाल ही में हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने साफ कहा कि गो-तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) भी लगाया जाएगा। मत्स्य मंत्री संजय निषाद के एक कार्यक्रम में भावुक होने को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मपाल सिंह ने इसे व्यक्तिगत भावनाओं से जुड़ा मामला बताया। उन्होंने कहा कि वह उनके मित्र हैं और इस विषय पर उनसे बैठकर बातचीत करेंगे। साथ ही यह भी जोड़ा कि यह खुशी के आंसू भी हो सकते हैं। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि गो-सेवकों का उनसे कोई संबंध नहीं है और उनके साथ समाजवादी पार्टी के लोग जुड़े हुए हैं।
निराला प्रेक्षागृह में प्रदर्शनी का उद्घाटन
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने निराला प्रेक्षागृह पहुंचकर प्रदेश सरकार के नौ साल पूरे होने पर लगी प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। यहां सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता वितरित की गई। मछुआ कल्याण कोष योजना के तहत कुछ लाभार्थियों को बॉक्स युक्त मोपेड की चाबी सौंपी गई। स्वयं सहायता समूहों को 10 करोड़ रुपये से अधिक के प्रतीकात्मक चेक दिए गए।
युवाओं और जरूरतमंदों को मिली मदद
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी गई। इनमें बुटीक, फ्लेक्स प्रिंटिंग, कंप्यूटर इंस्टीट्यूट और बिजली से संबंधित दुकानों के लिए ऋण स्वीकृत किया गया। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट और तीन महिलाओं को आवास की चाबी सौंपी गई। दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल भी वितरित की गई, जिससे उनके आवागमन में सहूलियत हो सके। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत पेश किया।
“अब हर वर्ग को मिल रहा मौका”
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में अब अवसर केवल चुनिंदा लोगों तक सीमित नहीं हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि अब ऐसा माहौल बन रहा है जहां आम परिवार का बच्चा भी आगे बढ़कर बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, पुरवा विधायक अनिल सिंह, जिला पंचायत अधयक्ष शकुन सिंह, जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी कृति राज समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।