मोहल्ले में मुनादी : अब कोर्ट में पेश होना होगा
Tue, Sep 15, 2026
बलात्कार के मामले में फरार हसीब के घर पहुंची पुलिस, न्यायालय के आदेश पर चस्पा किया नोटिस
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के कासिम नगर में मंगलवार शाम उस समय लोगों का ध्यान पुलिस की कार्रवाई की ओर गया, जब किला चौकी की टीम ने डुगडुगी बजवाकर मोहल्ले में मुनादी कराई। पुलिस ने बलात्कार के मामले में वांछित चल रहे हसीब पुत्र हबीब के घर पर न्यायालय के आदेश से संबंधित नोटिस चस्पा किया। साथ ही अनाउंसमेंट कर उसे न्यायालय के सामने पेश होने की चेतावनी दी गई। किला चौकी प्रभारी उग्रसेन सिंह पुलिस टीम के साथ कासिम नगर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक हसीब काफी समय से संबंधित मामले में वांछित है। कई बार प्रयास के बावजूद उसके न्यायालय में उपस्थित न होने पर अब उसके खिलाफ न्यायालय के आदेश के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा करने के साथ ही आसपास के लोगों की मौजूदगी में मुनादी कराई। अनाउंसमेंट के जरिए आरोपी को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई धारा 84 के तहत की गई है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बाद भी आरोपी के हाजिर नहीं होने की स्थिति में उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाढ़ के बीच ग्रामीणों को राहत : सड़क निर्माण का भरोसा
Tue, Sep 15, 2026
अतरी-सथरा में 550 परिवारों को मिली राहत किट, इलाज के लिए मेडिकल और पशु चिकित्सा कैंप भी
उन्नाव। सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित अतरी और सथरा गांवों में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत किट वितरित की। बाढ़ से प्रभावित 550 परिवारों को सामग्री दी गई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानीं और भरोसा दिया कि बाढ़ के दौरान किसी परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। विधायक ने कहा कि प्रभावित गांवों में लोगों के साथ-साथ पशुओं के इलाज की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए मेडिकल कैंप और पशु चिकित्सा कैंप लगाए गए हैं। जरूरत बढ़ने पर प्रभावित इलाकों में आवागमन के लिए नाव की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राहत किट मिलने के बाद भी किसी परिवार को अतिरिक्त सामग्री की जरूरत होती है तो उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
अतरी-भदेवना मार्ग बनाने की घोषणा
ग्रामीणों ने विधायक के सामने क्षेत्र में आवागमन की समस्या भी रखी। इस पर पंकज गुप्ता ने अतरी से भदेवना मार्ग के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। बाढ़ के दौरान संपर्क व्यवस्था बेहतर होने से प्रभावित गांवों तक मदद पहुंचाने में भी आसानी होगी। राहत सामग्री मिलने के बाद ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया। कार्यक्रम में अतरी प्रधान दुर्गा प्रसाद, पूर्व प्रधान किशन लाल, हाजीपुर प्रधान नीलम सोनी, चिलौला के पूर्व प्रधान छोटे सिंह, बीडीसी सुनील, लेखपाल शिवप्रकाश तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बिना नक्शा पास कराए काटे जा रहे थे प्लॉट : नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे हालात
Tue, Sep 15, 2026
डीएम के निर्देश पर 10 बीघे जमीन पर यूएसडीए ने चलाया बुलडोजर
उन्नाव। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को सदर तहसील क्षेत्र के सैयद अब्बासपुर गांव में बिना स्वीकृत लेआउट के प्लॉट काटकर जमीन बेचने का मामला सामने आने पर मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। उन्नाव-शुक्लागंज डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूएसडीए) की टीम ने करीब 10 बीघे में की जा रही प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बनाए गए रास्ते और अन्य अवैध निर्माण भी गिराए गए। कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह की मौजूदगी में यूएसडीए सचिव के नेतृत्व में की गई। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, सैयद अब्बासपुर में कई लोग मिलकर करीब 10 बीघे जमीन पर प्लॉटिंग कर रहे थे। इसके लिए प्राधिकरण से लेआउट की स्वीकृति नहीं ली गई थी। जांच के दौरान मामला सामने आने पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब और स्वीकृत लेआउट प्रस्तुत करने का मौका दिया गया था। अधिकारियों के अनुसार नोटिस जारी होने के बाद भी संबंधित लोगों ने प्राधिकरण में स्वीकृत लेआउट प्रस्तुत नहीं किया। उन्हें कई बार मौका देने के साथ अंतिम अवसर भी दिया गया, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद मंगलवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। राजस्व अभिलेखों में सामने आए नामों में प्रदीप राजपूत, राजू रावत और सुरेश शुक्ला समेत कुछ अन्य लोग शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, करीब चार-पांच लोग मिलकर जमीन पर प्लॉटिंग का काम कर रहे थे। कार्रवाई वाली जमीन सड़क से करीब 300 मीटर की दूरी पर बताई गई है। अधिकारियों ने इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है।
प्लॉट खरीदने से पहले करें जांच
यूएसडीए अधिकारियों ने कहा कि बिना स्वीकृत नक्शे और लेआउट वाली जमीन पर प्लॉट खरीदना लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले यूएसडीए कार्यालय में संबंधित जमीन का लेआउट और नक्शा स्वीकृत है या नहीं, इसकी जानकारी जरूर लें। अधिकारियों ने प्रॉपर्टी डीलरों को भी नियमों के मुताबिक ही प्लॉटिंग करने की चेतावनी दी है।