गबन : कंपनी कर्मचारी पर सात लाख रुपये के हड़पने का आरोप
Sun, Sep 13, 2026
फर्जी गेट पास बनाकर ग्राहकों की गाड़ियां रिलीज कराने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली में रिपोर्ट
उन्नाव। शहर के कानपुर-लखनऊ राजमार्ग स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में करीब सात लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के जनरल मैनेजर ने सर्विस एडवाइजर पर फर्जी गेट पास तैयार कर ग्राहकों की गाड़ियां रिलीज कराने और रकम अपने खाते में लेने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कानपुर निवासी कंपनी के जनरल मैनेजर अंकित बाजपेई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके साथ शिवम यादव सर्विस एडवाइजर के पद पर काम करता था। आरोप है कि शिवम ने कंपनी के ग्राहकों के फर्जी गेट पास बनाए और उनसे नगद रुपये लेने के साथ कुछ रकम अपने एसबीआई खाते में जमा कराई। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ग्राहकों की गाड़ियां रिलीज कर दीं। तहरीर के मुताबिक 10 जून 2026 को ग्राहक अतुल कुमार की गाड़ी संख्या यूपी 35 बीडब्ल्यू 7007 का सीरियल नंबर 2537 वाला गेट पास कूटरचित तरीके से तैयार कर गाड़ी निकलवा दी गई। कंपनी अधिकारियों से मामले को छिपाकर यह प्रक्रिया पूरी करने का आरोप है। बाद में जांच में करीब डेढ़ साल के दौरान कुल 7,07,993 रुपये के गबन की बात सामने आने का दावा किया गया। जनरल मैनेजर के अनुसार उन्होंने आरोपी की करतूत पकड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। आरोप है कि पुलिस शिवम को पकड़कर ले गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को पंजीकृत डाक से प्रार्थना पत्र भेजा गया और आईजीआरएस के माध्यम से भी शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया। न्यायालय के आदेश पर अब सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जमीन के विवाद में मारपीट : कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
Sun, Sep 13, 2026
दीवार तोड़ने, मारपीट और महिला से अभद्रता का आरोप, जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ था विवाद
उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के जमुनिहा कच्छ गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने निर्माणाधीन दीवार तोड़ने के साथ उसके और परिजनों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी से भी अभद्रता करने का आरोप लगाया है। गांव निवासी विनय कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि गांव की भूमि संख्या 152 राजस्व अभिलेखों में बंजर दर्ज है। ग्रामीण लंबे समय से इस जमीन पर घूरा डालते और जानवर बांधते आ रहे हैं। आरोप है कि गुड्डू और सुभाष आदि ने करीब पांच बिसुवा जमीन पर घेराबंदी कर कब्जा कर रखा है। विनय के अनुसार वर्ष 2019 में उसके पिता रामकृष्ण ने अपने घूरे की जमीन को सुरक्षित करने के लिए दक्षिण और पश्चिम दिशा में दीवार बनवाई थी। आरोप है कि नौ जून 2026 को विनय उक्त भूखंड के उत्तर दिशा में दीवार बनवा रहा था। इसी दौरान गुड्डू, सुभाष, तुलसी और रेखा लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी लेकर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए निर्माणाधीन दीवार तोड़ने लगे। विरोध करने पर विनय, उसके पिता रामकृष्ण और भाई शिवम के साथ मारपीट करने का आरोप है। विनय ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी सुशीला देवी बीच-बचाव करने पहुंची तो गुड्डू ने उसके साथ अभद्रता की और कपड़े उतारने की धमकी दी। शोर होने पर किसी ने 112 पर सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और निरोधात्मक कार्रवाई की गई। प्रार्थनापत्र में विनय ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान रामू के पास तमंचा था और उसने गोली मारने की धमकी दी। मारपीट में उसे, उसके पिता और भाई को चोटें आईं, लेकिन पुलिस ने मेडिकल नहीं कराया और उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। आरोप है कि इसके बजाय दूसरे पक्ष ने उसी दिन उसके और परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।विनय के मुताबिक उसने 28 जुलाई को एसपी से शिकायत की और व्यक्तिगत रूप से भी मिला। एसपी के स्तर से थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए, लेकिन 29 जुलाई को थाने पहुंचने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 11 अगस्त को गुड्डू, रामू, सुभाष, तुलसी और रेखा के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
माखी में सजा दंगल का अखाड़ा : कुश्ती के दांव-पेंच ने खूब बटोरी तालियां
Sun, Sep 13, 2026
एमएलसी रामचंद्र प्रधान और विमल द्विवेदी ने बढ़ाया हौसला
उन्नाव। माखी गांव में रविवार को दंगल का आयोजन किया गया। अखाड़े में उतरे पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए दमखम दिखाया। कुश्ती के दौरान पहलवानों के दांव-पेंच और जोर आजमाइश ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुकाबले देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी रामचंद्र प्रधान और नर सेवा-नारायण सेवा के संस्थापक व भाजपा नेता विमल द्विवेदी पहुंचे। दोनों ने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों से मुलाकात की और उनका परिचय लिया। उन्होंने पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। अतिथियों ने कहा कि दंगल जैसे आयोजन गांवों में खेलों से जुड़ी पुरानी परंपरा को बनाए रखने के साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका भी देते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। दंगल के दौरान अलग-अलग मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी ताकत और कुश्ती के हुनर का प्रदर्शन किया। अखाड़े में जबरदस्त मुकाबला हुआ तो दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में माखी प्रधान शीशुपाल सिंह, उनके पुत्र व मियागंज ब्लॉक प्रमुख तथा दंगल आयोजक धर्मेंद्र सिंह, औरास ब्लॉक प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य फूलचंद्र रावत समेत अन्य जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष हैदराबाद और नगर पंचायत अध्यक्ष रसूलाबाद सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने भी दंगल का आनंद लिया।अतिथियों ने दंगल के आयोजन के लिए धर्मेंद्र सिंह और उनकी टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। आयोजकों ने भी कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और दर्शकों का आभार जताया।