जुआ खेलते पांच गिरफ्तार : 12,980 रुपये बरामद
Mon, Oct 19, 2026
रेथाना गांव में आटा चक्की के पीछे चल रहा था जुए का खेल
उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात 18 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर रेथाना गांव में शशांक की आटा चक्की के पीछे छापा मारा गया। मौके से पुलिस ने पांच लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। उनके पास से कुल 12,980 रुपये और ताश के 52 पत्ते बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीघापुर कस्बा निवासी अभिषेक द्विवेदी (20), मुन्नाखेड़ा निवासी आशुतोष सिंह (24), पाली निवासी दीपांशु शुक्ला (23), शिवरतन खेड़ा निवासी शशिभूषण और बहुराजमऊ निवासी उत्तम गुप्ता (49) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद रकम में आरोपियों की तलाशी से मिले 9,100 रुपये और जुए के फड़ से मिले 3,880 रुपये शामिल हैं। पुलिस ने पांचों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है।
बच्चों को लेकर घर छोड़ने का दबाव : विरोध पर गला दबाने का आरोप
Sun, Oct 18, 2026
दूसरे पति की धमकी से डरी महिला पहुंची थाने, रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। तीन बच्चों के साथ घर में रह रही महिला ने अपने ही पति पर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति उसे बच्चों समेत घर से निकालना चाहता है। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट करता है। आरोप है कि 16 अक्टूबर की सुबह उसने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह बचने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। अचलगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामला अचलगंज थाना क्षेत्र के छेरिहा गांव का है। यहां रहने वाली सुमन देवी के पहले पति मनोज कुमार की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने अमित रैदास से दूसरी शादी की थी। पहले पति से महिला के तीन बच्चे हैं। सुमन का आरोप है कि अमित उसे और उसके बच्चों को लबगातार परेशान करता है। आए दिन गाली देकर घर से निकल जाने के लिए कहता है।
शिकायत करने पर बच्चों को भी मारने की धमकी
सुमन के मुताबिक, 16 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे पति ने उसका गला दबा दिया। उसने किसी तरह खुद को बचाया। महिला का आरोप है कि इसके बाद पति ने धमकी दी कि अगर उसने कहीं शिकायत की तो उसे और उसके बच्चों को जान से मार देगा। पीड़िता ने तहरीर में यह भी कहा है कि पति पहले भी कई बार उसकी जान लेने की कोशिश कर चुका है। आरोप है कि एक बार उसके ऊपर गर्म सब्जी भी डाल दी थी। घटना से परेशान महिला ने 17 अक्टूबर को अचलगंज थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मुकदमा वापस लेने का दबाव : पत्नी और ससुरालियों को धमकी
Sun, Oct 18, 2026
महिला ने पति पर सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट डालने का लगाया आरोप
उन्नाव। कोर्ट में चल रहे दहेज और घरेलू हिंसा के मुकदमे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। शहर की एक महिला ने अपने पति पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने, परिवार को जान से मारने की धमकी देने और उसकी मां को सोशल मीडिया पर निशाना बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली सदर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पीताम्बर नगर निवासी हर्षिता सिंह के मुताबिक, उसकी शादी रामबक्श खेड़ा निवासी विजय प्रताप सिंह से हुई थी। पति के खिलाफ दहेज और घरेलू हिंसा का मामला न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि इसी मुकदमे में समझौता करने के लिए पति लगातार दबाव बना रहा है। बात नहीं मानने पर उसे और उसके परिवार के लोगों को धमकाया जाता है।
आधी रात को फोन, फिर बढ़ा विवाद
हर्षिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अक्तूबर की रात करीब एक बजे उसके पति ने उसकी मां को फोन किया। फोन पर मुकदमा वापस लेने की बात कही गई। मां ने समझौता करने से इनकार करते हुए न्यायालय में मामले का फैसला होने की बात कही तो आरोपी नाराज हो गया। आरोप है कि इसके बाद मां-बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई।
इंस्टाग्राम पर कमेंट और मैसेज करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विवाद के बाद उसकी मां के मोबाइल पर अश्लील गालियां भेजी गईं। इंस्टाग्राम आईडी पर भी मां को लेकर अभद्र टिप्पणियां की गईं और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली गईं। महिला के मुताबिक, आरोपी रास्ते में रोककर भी सुलह करने का दबाव बनाता है। विरोध करने पर धमकियां देता है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि लगातार मिल रही धमकियों और सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्रता से पूरा परिवार डरा हुआ है। उसने पुलिस से परिवार की सुरक्षा और मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।