रहस्यमय हालात में विवाहिता लापता : गायब होने से परिवार में मचा कोहराम
Sun, Jun 28, 2026
कई दिन की तलाश के बाद दर्ज हुई गुमशुदगी, पुलिस ने जारी किया तलाश पोस्टर
उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र के इन्द्रेमऊ गांव से 24 वर्षीय विवाहिता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। पुलिस के मुताबिक, इन्द्रेमऊ निवासी शिवकन्या देवी पत्नी अमरपाल बीते दिनों संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गईं। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले की सूचना थाना बीघापुर पुलिस को दी गई। महिला की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। उसकी लंबाई लगभग 4 फीट 6 इंच, रंग गेहुआं, बाल काले और चेहरा गोल है। गुम होने के समय वह हरी साड़ी, हरे रंग की चूड़ियां और बाजार की सैंडल पहने थी। इस मामले में थाना बीघापुर में मुकदमा संख्या 211/25 के तहत धारा 87 बीएनएस में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला की तलाश के लिए पोस्टर भी जारी किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल जांच अधिकारी राजेश कुमार सिंह या थाना बीघापुर पुलिस को सूचना दें, ताकि महिला का जल्द पता लगाया जा सके।
गंगा में डूबकर बीकॉम छात्र की मौत : दोस्तों संग गया था घाट
Sun, Jun 28, 2026
लखनऊ नौकरी के लिए निकला था युवक, परिजनों ने जताया संदेह; जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के दबौली गंगा घाट पर शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में बीकॉम के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से उसका शव गंगा नदी से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की पहचान उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के करोवन निवासी 20 वर्षीय श्रीयांश तिवारी के रूप में हुई है। वह बीकॉम का छात्र था और लखनऊ में पार्ट टाइम नौकरी भी करता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को वह घर से लखनऊ जाने की बात कहकर निकला था। इसी बीच लखनऊ से आए उसके कुछ दोस्त उसे अपने साथ फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के दबौली गंगा घाट ले गए।बताया गया कि घाट पर मंदिर दर्शन के बाद श्रीयांश दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी उसके दोस्तों ने फोन पर परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। शनिवार देर रात तक उसकी तलाश जारी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद कर लिया गया। दोपहर करीब 12 बजे परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मामले की गहन जांच की मांग की। मृतक के चाचा कमलेश तिवारी ने बताया कि श्रीयांश काम के सिलसिले में घर से निकला था। आरोप लगाया कि लखनऊ से आए चार दोस्त उसे अपने साथ घाट पर ले गए थे। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वह परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी एक बहन है। फतेहपुर चौरासी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की बड़ी कामयाबी : 78 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
Sun, Jun 28, 2026
सीईआईआर पोर्टल की मदद से 15 लाख से अधिक कीमत के फोन हुए रिकवर
उन्नाव। जनपद पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 78 मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। रविवार दोपहर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक जय प्रकाश सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। पुलिस के अनुसार, यह सफलता सर्विलांस टीम और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त कार्रवाई से मिली। नागरिकों की ओर से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायतें भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराई गई थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तकनीकी सहायता लेकर मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की और लगातार अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से कुल 78 मोबाइल बरामद किए। अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। कई लोगों ने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से उन्हें राहत मिली। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार जताया। एसएसपी जेपी सिंह ने कहा कि सीईआईआर पोर्टल मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत थाने और पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सर्विलांस की मदद से पुलिस अपराध नियंत्रण और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। एसएसपी ने अभियान में शामिल सर्विलांस टीम और थाना प्रभारियों की सराहना करते हुए कहा कि आगे भी सीईआईआर पोर्टल के जरिए मिलने वाली शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई जारी रहेगी।