विधवा ने जमीन पर कब्जा कराने का लगाया आरोप : डीएम से लगाई न्याय की गुहार
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Jul 30, 2026
बिना सूचना पैमाइश कराने और सड़क से लगी भूमि पर दूसरे पक्ष को कब्जा दिलाने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
उन्नाव। मौरावां कस्बे के पुरानी बाजार मोहल्ला निवासी एक विधवा महिला ने कुछ लोगों पर राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोबारा पैमाइश कराकर वास्तविक रकबे के अनुसार कब्जा दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मौरावां कस्बा के ग्राम मोहल्ला पुरानी बाजार निवासी आबिदा खातून पत्नी स्वर्गीय अब्दुल रज्जाक का कहना है कि उनके नाम गाटा संख्या 84क, 85 और 88 राजस्व अभिलेखों में दर्ज हैं। आरोप है कि 13 नवंबर 2025 को कुछ लोग राजस्व कर्मियों, पुलिस बल और अन्य व्यक्तियों के साथ उनकी भूमि पर पहुंचे और कब्जा करने लगे। उनका कहना है कि कार्रवाई से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई और न ही पैमाइश के समय मौके पर बुलाया गया। आबिदा खातून का आरोप है कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं और विरोध किया। इस दौरान दूसरे पक्ष ने जमीन खरीदने का दावा करते हुए कब्जा करने की बात कही। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर पुलिस उनके परिजनों को मौरावां थाने ले गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद से परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। महिला का कहना है कि विवादित गाटा संख्या 84 में दोनों पक्षों का अलग-अलग रकबा दर्ज है। यदि राजस्व अभिलेख, नक्शा और मौके की स्थिति के आधार पर निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए तो सड़क से लगी भूमि में उसका हिस्सा अधिक निकलता है। इसके बावजूद बिना वास्तविक सीमांकन के दूसरे पक्ष को कब्जा दिला दिया गया।शिकायती पत्र में आबिदा खातून ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गाटा संख्या 84क, 84ख और 85 की संयुक्त रूप से राजस्व अधिकारियों की टीम से दोबारा पैमाइश कराई जाए। साथ ही मौके का नक्शा नजरी तैयार कर वास्तविक रकबे के अनुसार सड़क से लगी भूमि पर उनका कब्जा दिलाया जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारी पुरवा और मौरावां थाना पुलिस को भी निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन