Mon 22 Jun 2026

ब्रेकिंग

एआरटीओ कार्यालय विवाद में विभाग का पक्ष आया सामने

बच्चों के सामने पत्नी को पीटता रहा पति

जिला महिला अस्पताल का आदर्श टीकाकरण केंद्र बना मिसाल, रविवार को भी मिल रही सुविधा

ऑटो पलटने से मजदूर की गई जान

पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

शिक्षामित्र हत्याकांड : तमाम कोशिशों के बाद भी पुलिस के हांथ खाली

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, Jan 29, 2026
Post views : 175

लगातार पूछताछ से परेशान पति ने बेटी संग आत्महत्या की बात कही, पुलिस बैकफुट पर

उन्नाव। असोहा थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में हुई शिक्षामित्र की हत्या की गुत्थी अब और उलझती जा रही है। दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। जांच का दायरा फिलहाल मृतका के पति के इर्द-गिर्द ही सिमटा हुआ है, लेकिन पुख्ता सबूतों के अभाव में पुलिस भी खुलकर कोई कदम नहीं उठा पा रही।
27 जनवरी की रात गोकुलपुर गांव में शिक्षामित्र श्रीकांति (39) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने घर में मृत पाई गई थीं। घटना के बाद से पुलिस ने पति ओमकार रावत, बेटी रिया और जेठ राजेंद्र से कई दौर की पूछताछ की है। बुधवार देर रात पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षु संचित शर्मा खुद गांव पहुंचे और घंटों पति से सवाल-जवाब किए। पूछताछ के बाद उसे घर भेज दिया गया। अगले दिन थानाध्यक्ष ने पहले बेटी और फिर जेठ से अलग-अलग बातचीत की। दोपहर बाद एसओजी की टीम भी गांव पहुंची और पति से पूछताछ की, लेकिन अब तक ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया, जिससे पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच सके। लगातार पूछताछ से मानसिक दबाव में आए पति ने पुलिस के सामने बेटी के साथ आत्महत्या करने की बात कह दी। इस बयान के बाद पुलिस भी बेहद सतर्क हो गई है और बिना ठोस आधार के आगे बढ़ने से बच रही है। एहतियात के तौर पर गांव में सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जो स्थानीय लोगों से बातचीत कर अपने स्तर पर जानकारी जुटा रहे हैं। जांच के दौरान कुछ अहम बातें सामने आई हैं। घटनास्थल पर यह संकेत मिले हैं कि महिला को दो गोलियां मारी गई थीं। इसके अलावा छत पर एक कारतूस का खोखा भी मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात के समय छत से हवाई फायर भी किया गया हो। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पति ओमकार रावत अक्सर गांव के बाहर संचालित शराब ठेके के पास एक अंडे की दुकान पर बैठता था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार विवाद हुआ था। मृतका को पति का वहां बैठना पसंद नहीं था और इसी बात पर अक्सर कहासुनी होती थी। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसके साथ ही पैसों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पति का कहना है कि घर में रखे एक बक्से में करीब साढ़े तीन लाख रुपये थे, जिनमें से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की दो गड्डियां शामिल थीं। उसका दावा है कि एक गड्डी गायब है। हालांकि पुलिस को अब तक ऐसी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है, जिससे यह साफ हो सके कि रकम वास्तव में गायब हुई है या नहीं, और अगर हुई है तो किसने निकाली। थानाध्यक्ष फूल सिंह का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं। हर पहलू की जांच की जा रही है और एसओजी भी इसी सिलसिले में लगी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं और सभी को इंतजार है कि शिक्षामित्र की हत्या की सच्चाई आखिर कब सामने आएगी।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन