कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस : महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, May 29, 2026
भाजपा सरकार जनता की जेब पर बोझ डाल रही, पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद: कांग्रेस
उन्नाव। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता इस समय महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आर्थिक संकट से जूझ रही है, लेकिन सरकार आम लोगों की परेशानियों को दूर करने के बजाय अपने नेताओं और बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश इस समय आर्थिक अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने दावा किया कि खुद प्रधानमंत्री भी भविष्य में आर्थिक संकट की आशंका जता चुके हैं, लेकिन सरकार हालात सुधारने के बजाय “आपदा में अवसर” की नीति पर काम कर रही है। उनका कहना था कि सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान हटाकर केवल प्रचार में लगी हुई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। सुरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक, सांसद और मंत्री अपने पद का इस्तेमाल कर संपत्तियां बढ़ाने में लगे हुए हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब विपक्षी नेताओं की संपत्तियों की जांच कराने की बात की जाती है तो फिर भाजपा जनप्रतिनिधियों की संपत्तियों की जांच क्यों नहीं कराई जाती। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव के समय दिए गए शपथ पत्र और वर्तमान संपत्ति का तुलनात्मक परीक्षण कराया जाए तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। उनका आरोप था कि सत्ता में बैठे लोगों की कार्यशैली के कारण जनता परेशान है और सरकारी मशीनरी भी उसी दिशा में काम कर रही है। युवाओं और प्रतियोगी छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के छात्र वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। परिवार अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद बच्चों की कोचिंग और पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो जाता है और पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने हाल ही में हुए नीट परीक्षा पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कई छात्र चार से पांच साल तक लगातार तैयारी करते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उनका भविष्य अंधकार में चला जाता है। कुशवाहा ने मांग की कि जिन एजेंसियों के माध्यम से परीक्षाएं कराई जाती हैं, उनकी निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की कड़ी जांच की जाती है। अभ्यर्थियों को कई बार धार्मिक कलावा तक हटाने के लिए कहा जाता है और महिलाओं की बिछिया तक उतरवाई जाती है, फिर भी पेपर लीक हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था की बड़ी विफलता है और इसकी नैतिक जिम्मेदारी सरकार व संबंधित एजेंसियों को लेनी चाहिए। महंगाई और ईंधन के दामों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। सुरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम लोगों से पैसा वसूलकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने नोटबंदी, जनधन खातों और लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों का बोझ सीधे जनता पर डाला जा रहा है। किसानों के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई जगह किसानों को आधार कार्ड दिखाकर सीमित मात्रा में डीजल देने की बात कही जा रही है, जबकि सत्ता पक्ष के नेताओं के बड़े-बड़े काफिले बिना किसी रोकटोक के चलते रहते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उन काफिलों के लिए डीजल की व्यवस्था कैसे हो जाती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों को समझने लगी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि प्रदेश और देश में जनता के बीच सरकार के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन