Thu 30 Jul 2026

ब्रेकिंग

2 अगस्त को होगा महर्षि वेदव्यास अंतर्राष्ट्रीय गुरुकुल विद्यापीठ का भव्य शुभारंभ

अमित मिश्रा ने संभाली कमान

सफाई कर्मचारियों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

शहर में शुरू हुई शुद्ध पेयजल की नई व्यवस्था

सपा नेता ने शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का लिया संकल्प

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

उमस और गर्मी से राहत : शहर में शुरू हुई शुद्ध पेयजल की नई व्यवस्था

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, Jul 30, 2026
Post views : 54

नगर पालिका ने पहले चरण में 11 स्थान किए चिन्हित

छह जगह वाटर कूलर शुरू, बाकी एक सप्ताह में होंगे चालू

उन्नाव। शहर में गर्मी और उमस के बीच लोगों को राहत देने के लिए नगर पालिका परिषद ने सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर से हुई, जहां नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा और पालिका प्रतिनिधि भानु मिश्रा ने नए वाटर कूलरों का उद्घाटन किया। अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और आम लोगों को अब यहां आसानी से ठंडा पेयजल मिल सकेगा। पालिका की योजना के तहत सरकारी अस्पताल, महिला वार्ड और पोस्टमार्टम हाउस में लगाए गए वाटर कूलरों को चालू कर दिया गया है। उद्घाटन के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहर में ऐसे सभी स्थानों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।

पहले चरण में 11 स्थानों का चयन

पालिका प्रतिनिधि श्वेता भानु मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में शहर के 11 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को चुना गया है। इनमें जिला न्यायालय, मुख्य डाकघर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), सरकारी अस्पताल, महिला वार्ड और पोस्टमार्टम हाउस में वाटर कूलर स्थापित कर दिए गए हैं। इन सभी जगहों पर लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल मिलने लगा है।

बाकी पांच जगहों पर तेजी से चल रहा काम

उन्होंने बताया कि शेष पांच स्थानों पर भी काम अंतिम चरण में है और अगले एक सप्ताह के भीतर सभी जगहों पर वाटर कूलर शुरू कर दिए जाएंगे। कचहरी बार एसोसिएशन में स्थापना की तैयारी चल रही है, जबकि रजिस्ट्री कार्यालय में करीब आधा काम पूरा हो चुका है। वहीं रोडवेज बस स्टैंड पर भी वाटर कूलर लगाने की योजना है। इसके लिए संबंधित विभाग से स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। अनुमति मिलते ही वहां भी काम शुरू कर दिया जाएगा।

मरीजों, छात्रों और अधिवक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ

नगर पालिका का कहना है कि इस पहल का मकसद ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की बेहतर व्यवस्था करना है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में मरीज, छात्र, अधिवक्ता और आम नागरिक पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है।

नागरिक सुविधाओं का होगा और विस्तार

नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पालिका लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में जरूरत के अनुसार अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। उद्घाटन कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

पालिका व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू हुई सुविधा

कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. नरेंद्र, महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार आनंद, चीफ फार्मासिस्ट दुष्यंत मोहन शुक्ला, सभासद राकेश साहू, दीपक दीक्षित 'मोनू', सभासद प्रतिनिधि मनीष शुक्ला, सोनी सिंह परिहार, गोलू मिश्रा, जितेंद्र शुक्ला, नगर पालिका और अस्पताल प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन