तीन दिन की बंदी..... शहर की रफ्तार थमी : रेलवे ने अचानक बंद कर दी क्रॉसिंग
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Jul 23, 2026
50 हजार लोगों का रास्ता बंद, ट्रैक पार कर निकलते दिखे राहगीर; वाहन चालकों को दो किमी घूमकर जाना पड़ा

उन्नाव। शहर के बीचोंबीच स्थित आवास विकास रेलवे क्रॉसिंग संख्या 35 बी को रेलवे ने बृहस्पतिवार सुबह अचानक बंद कर दिया। क्रॉसिंग बंद होने की जानकारी लोगों को तब हुई, जब रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक की मरम्मत के लिए सड़क खोदनी शुरू कर दी। अचानक रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पैदल राहगीर जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करते नजर आए, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा। यह क्रॉसिंग लोकनगर मार्ग पर स्थित है और शहर के एक बड़े हिस्से को मुख्य मार्ग से जोड़ती है। छोटा चौराहा से लोकनगर होते हुए यह रास्ता कब्बाखेड़ा तिराहे पर उन्नाव-हरदोई मार्ग से जुड़ता है। करीब 50 हजार लोगों के लिए यह शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में शामिल है। शहर के लगभग 50 मोहल्लों के साथ ही आसपास के कई गांवों के लोग भी इसी रास्ते से सदर बाजार, कोतवाली, जिला अस्पताल और कानपुर की ओर आते-जाते हैं।
सुबह अचानक शुरू हुआ काम, लोगों को हुई जानकारी
बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे रेलवे ने क्रॉसिंग पर आवागमन रोक दिया। इसके बाद ट्रैक की मरम्मत के लिए खोदाई का काम शुरू कर दिया गया। क्रॉसिंग बंद होने के बाद वहां पहुंचे लोगों को काफी देर तक समझ नहीं आया कि रास्ता क्यों बंद किया गया है। धीरे-धीरे लोगों को रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए तीन दिन तक क्रॉसिंग बंद रहने की जानकारी मिली।
वाहन सवारों को करना पड़ा लंबा चक्कर
क्रॉसिंग बंद होने से लोकनगर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। छोटे वाहनों को भी करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ा। इससे आसपास के रास्तों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। पैदल राहगीरों के लिए स्थिति और मुश्किल रही। कई लोग ट्रैक पार करके दूसरी ओर जाते दिखाई दिए।
तीन दिन चलेगा मरम्मत का काम
रेलवे अधिकारियों के अनुसार क्रॉसिंग पर ट्रैक की मरम्मत के साथ पुराने बोल्डर और प्लेट बदले जा रहे हैं। काम शुक्रवार और शनिवार को भी जारी रहेगा। रेलवे का प्रयास है कि दो दिन में काम पूरा कराकर क्रॉसिंग पर आवागमन शुरू कर दिया जाए।
पहले से सूचना नहीं देने पर उठे सवाल
क्रॉसिंग बंद किए जाने से पहले आम लोगों को जानकारी नहीं दी गई। सुबह अचानक रास्ता बंद होने से लोग परेशान हुए। इस संबंध में सीनियर सेक्शन इंजीनियर महेश कुमार मीना ने बताया कि क्रॉसिंग बंद किए जाने की सूचना जिलाधिकारी कार्यालय को दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि मरम्मत का काम जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन