गंगा स्नान के दौरान युवक लापता : रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
Sun, Jun 28, 2026
सुबह दोबारा शुरू हुआ रेस्क्यू, पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम गंगा नदी में नहाने गए एक युवक के डूबने का मामला सामने आया। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी रही। जानकारी के मुताबिक, करोबन गांव निवासी श्रेयांश तिवारी अपने कुछ साथियों के साथ दबौली गांव आए थे। बताया जा रहा है कि वे डिजिटल पेमेंट कंपनी के साउंड बॉक्स लगाने का काम करते थे। उनके साथ लखनऊ के रहने वाले विकास कुमार, हर्ष कश्यप, ऋषभ मिश्रा और राहुल सोलंकी भी मौजूद थे। काम खत्म होने के बाद सभी साथी पास के हिंदूपुर गांव के पास गंगा किनारे पहुंचे और नहाने लगे। इसी दौरान श्रेयांश अचानक गहरे पानी की तरफ बढ़ गए। साथियों ने जब उन्हें संभालने की कोशिश की, तब तक वह तेज बहाव और गहराई में फंस चुके थे। कुछ ही पलों में वह नजरों से ओझल हो गए। घटना के बाद साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शाम करीब सात बजे सूचना मिलते ही फतेहपुर चौरासी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। घंटों तक नदी में खोजबीन चली, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात बढ़ने के साथ सर्च ऑपरेशन को और तेज करने के लिए एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। टीम ने नदी के कई हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। घटना की खबर मिलते ही श्रेयांश के परिवार में मातम छा गया। परिजन मौके पर पहुंच गए और बेसब्री से किसी खबर का इंतजार करते रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और युवक की तलाश हर हाल में जारी रहेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हिस्से में गंगा का बहाव कई जगह अचानक गहरा हो जाता है, जिससे हर साल ऐसे हादसे सामने आते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी में नहाते समय सतर्कता बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।
खाद्य कारोबारियों को सख्त संदेश : अब बिल के बिना नहीं चलेगा कारोबार
Sun, Jun 28, 2026
जागरूकता कार्यक्रम में कारोबारियों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों ने साफ किया नियमों का पालन जरूरी
उन्नाव। जिले में खाद्य कारोबार को नियमों के दायरे में लाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को उन्नाव बाईपास स्थित एक गेस्ट हाउस में जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई, बेकरी और किराना कारोबारियों को साफ तौर पर बताया गया कि अब बिना बिल के खरीद-बिक्री करने पर कार्रवाई हो सकती है। विभाग ने थोक विक्रेताओं के लिए बिल देना अनिवार्य बताया, जबकि फुटकर दुकानदारों से हर खरीद का बिल लेने की अपील की गई। इस संवाद कार्यक्रम में सदर, हसनगंज, गंगाघाट, बीघापुर, पुरवा और बांगरमऊ क्षेत्र के बड़ी संख्या में खाद्य कारोबारी शामिल हुए। कार्यक्रम का मकसद कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी देना और उनकी समस्याओं को सुनना रहा। बैठक के दौरान भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी ने हाल ही में एक आइसक्रीम निर्माण इकाई पर हुई जांच का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 25 जून को जांच के दौरान एक ही प्रतिष्ठान से पांच नमूने लिए गए, जिससे कारोबारी परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि किसी भी इकाई से सीमित संख्या में ही सैंपल लिए जाएं ताकि अनावश्यक दबाव न बने।इस पर सहायक आयुक्त खाद्य लखनऊ मंडल विनीत कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि नमूने पूरी तरह तय मानकों के अनुसार ही लिए जाते हैं और इसमें कोई मनमानी नहीं होती। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता जांचने के लिए जरूरी प्रक्रिया का पालन किया जाता है। व्यापारियों ने यह भी मांग रखी कि जांच के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों को बेवजह नष्ट न कराया जाए। इस पर अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि केवल उन्हीं मामलों में खाद्य सामग्री नष्ट कराई जाती है, जब वह खराब हालत में हो और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती हो। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने भी कारोबारियों की कई व्यावहारिक समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। वहीं कारोबारी उमेश राठौर और ब्रजेश गुप्ता ने सैंपलिंग प्रक्रिया को लेकर सवाल पूछे। बैठक में अधिकारियों ने एक और बड़ा बदलाव बताते हुए कहा कि अब खाद्य सुरक्षा अधिकारी जब भी किसी दुकान, होटल या प्रतिष्ठान में जांच के लिए जाएंगे तो उनके पास विभागीय पहचान पत्र होना जरूरी होगा। इससे फर्जी जांच या अनावश्यक दबाव की शिकायतों पर रोक लगेगी। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय प्रियंका सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित और खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि विभाग का मकसद कारोबारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि सुरक्षित और मानकयुक्त खाद्य सामग्री आम जनता तक पहुंचाना है।
पानी भरने पर विवाद : वाटर कूलर और बोरिंग तोड़ी; नौ नामजद, एक गिरफ्तार
Sun, Jun 28, 2026
जुगियाना मोहल्ले में आधे घंटे तक चली तोड़फोड़, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया प्रशासन
उन्नाव। सफीपुर कस्बे के जुगियाना मोहल्ले में पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तक पहुंच गया। नगर पंचायत की ओर से मोहल्ले में लगवाए गए वाटर कूलर और बोरिंग को शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आई। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत ने करीब एक वर्ष पहले मोहल्ले में लोगों की पेयजल समस्या को देखते हुए इंडिया मार्का हैंडपंप बोर और वाटर कूलर की व्यवस्था कराई थी, ताकि स्थानीय लोगों को साफ पानी मिल सके। लेकिन पानी भरने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने गुस्से में सरकारी व्यवस्था को ही निशाना बना दिया। आरोप है कि शनिवार को करीब आधे घंटे तक कुछ लोगों ने मौके पर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान हैंडपंप के बोर में ईंटें डाल दी गईं, जिससे वह पूरी तरह बाधित हो गया। वहीं वाटर कूलर और उसके चारों ओर लगी सुरक्षा जाली को भी तोड़ दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में पेयजल संकट खड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनीत श्रीवास्तव ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने एसडीएम शिवेंद्र वर्मा को लिखित प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई कराने की भी मांग रखी गई है। प्रशासन को घटना का वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर सौंपा गया है। उधर, कोतवाली पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों में शमशाद, बबलू, समीर, मुकर्रम अली, निसार, मोहम्मद आजम, शाहिद, सरफराज और मारुफ के नाम शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। कोतवाल संदीप मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।