सड़क विवाद गहराया... : पालिका और पीडब्ल्यूडी के दावों के बीच फंसी लोकनगर सड़क
Mon, Jul 13, 2026
पालिका पहले ही बता चुकी है अपनी सीमा से बाहर, अब लोक निर्माण विभाग ने भी किया इंकार
उन्नाव। लोकनगर की करीब 200 मीटर लंबी जर्जर सड़क अब लोगों के सब्र की भी परीक्षा लेने लगी है। एक साल से टूटी पड़ी सड़क और बारिश में जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा था। 50 से अधिक महिलाएं, पुरुष और युवा पानी से भरे गड्ढों के बीच ही धरने पर बैठ गए और नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि रोजाना बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग सिर्फ जिम्मेदारी तय करने में लगे हैं। लोकनगर शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जो रायबरेली-बिलग्राम (हरदोई-उन्नाव) मार्ग से जुड़ता है। इसी रास्ते से आसपास के कई मोहल्लों के अलावा बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रतिदिन हजारों लोगों का इस सड़क से आवागमन होता है। बावजूद इसके सड़क का सबसे खराब 200 मीटर हिस्सा लंबे समय से बदहाल पड़ा है। बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। पूरी सड़क तालाब जैसी नजर आती है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे आए दिन बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन किसी विभाग ने स्थायी समाधान नहीं कराया।
जलभराव के बीच धरने पर बैठे लोग
समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष एवं वार्ड सभासद ओमरेंद्र प्रताप पंकज लोधी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जलभराव वाली सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ली लगाकर कुछ देर के लिए आवागमन भी रोक दिया और जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते सड़क नहीं बनी तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
विधायक बोले, सोमवार तक काम नहीं शुरू हुआ तो मैं भी आपके साथ बैठूंगा
बता दें कि शनिवार को धरने की सूचना मिलने पर सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर सड़क की समस्या का तत्काल समाधान कराने को कहा था। विधायक ने प्रदर्शनकारियों के बीच घोषणा की कि अगर सोमवार तक सड़क पर काम शुरू नहीं हुआ तो वह स्वयं भी स्थानीय लोगों के साथ यहीं पर बैठेंगे। विधायक के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया था।
पीडब्ल्यूडी ने कहा, यह हिस्सा हमारी सीमा में नहीं
धरने के बाद लोक निर्माण विभाग ने पत्र जारी कर अपना पक्ष रखा। विभाग के अनुसार पुराने सफीपुर मार्ग के 1.80 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और डामरीकरण सदर विधायक के प्रस्ताव पर फरवरी 2026 में कराया जा चुका है। विभाग का कहना है कि इसके आगे का 200 मीटर हिस्सा लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, इसलिए उसका निर्माण विभाग नहीं करा सकता।
पालिका ने भी पीडब्ल्यूडी पर फोड़ा ठीकरा
उधर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि रायबरेली-बिलग्राम मार्ग से जुड़ी लोकनगर की यह क्षतिग्रस्त सड़क पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों लोगों को इस जर्जर सड़क से गुजरना पड़ता है और जनहित में इसका जल्द निर्माण कराया जाना चाहिए। वहीं पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा था कि सड़क की वास्तविक स्थिति और जनता की परेशानी सभी के सामने रखी जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
टेंडर हुआ, बजट भी पास... फिर सड़क क्यों नहीं बनी?
समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष एवं वार्ड सभासद पंकज लोधी का दावा है कि लोकनगर की जिस 200 मीटर सड़क को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, उसके निर्माण के लिए नगर पालिका पहले ही प्रक्रिया पूरी कर चुकी थी। उनके अनुसार जून 2026 में पालिका ने अरविंद चंदेल के घर से सुशील बाजपेई के घर तक सड़क निर्माण का टेंडर जारी किया था। करीब 26.98 लाख रुपये की लागत से सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। उनका कहना है कि जब सड़क के लिए टेंडर और बजट दोनों मौजूद हैं, तो फिर निर्माण में देरी क्यों हो रही है, इसका जवाब जिम्मेदार अधिकारियों को देना चाहिए।
अब सबसे बड़ा सवाल... सड़क बनाएगा कौन?
एक तरफ नगर पालिका सड़क को पीडब्ल्यूडी की बता रही है, तो दूसरी तरफ पीडब्ल्यूडी इसे अपनी सीमा से बाहर बता रहा है। ऐसे में 200 मीटर की यह सड़क दो विभागों के बीच फंस गई है। जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होती, तब तक रोजाना हजारों लोगों को टूटी सड़क, जलभराव और हादसे के खतरे के बीच सफर करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर काम शुरू होता हुआ दिखना चाहिए।
वृहद्ध वृक्षारोपण महायज्ञ : द्वारिकेश चीनी मिल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
Mon, Jul 13, 2026
बरेली जनपद में फरीदपुर तहसील क्षेत्र में स्थित द्वारिकेश चीनी मिल परिसर में वृहद्ध वृक्षारोपण महायज्ञ के अन्तर्गत रविवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहाँ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्र के साथ द्वारिकेश के अधिकारियों व कर्मचारियों ने जमकर बृक्षारोपण किया।
कार्यक्रय में उप गन्ना आयुक्त ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैँ पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु,जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाये रखने में महत्वपूर्ण योग दान देते हैँ।वर्तमान समयँ में बढ़ते प्रदुषण एवं जलवायू परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।वहीं यह भी कहा कि रोपे गये प्रत्येक पौधे का संरक्षण,नियमित सिचाई,एवं समुचित अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाये ताकि अभियन के उद्देश्यों की शत-प्रतिशत पूर्ण हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित मनोज कुमार सिंह,सहायक आबकारी आयुक्त द्वारिकेश आसवनी फरीदपुर ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं,बल्कि यह हमारी जिम्मेदारी भी है।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से लगाये गये पौधों की नियमित देखभाल करने समेत पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान भी किया।
ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक फरीदपुर आलोक शर्मा द्वारा कहा कि हर व्यक्ति यदि एक-एक पौध लगाकर सुरक्षा का संकल्प लें तो आने वाले समयँ में क्षेत्र को हरित एवं समृद्ध बनाया जा सकता है।इफ्को एम,सी,के क्षेत्रीय प्रबन्धक ने कहा गया कि वृक्षारोपण पर्यावरण को संतुलित रखने एवं जलवायु परिर्वतन से लड़ने और मानव जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए अत्यन्त आवश्यक है।यह पारिस्थिति की तंत्र को मजबूत करना है और प्राकृति आपदाओं के जोखिम को कम करता है।
चीनी मिल गन्ना विभाग के विभागाध्यक्ष उपेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार है और पर्यावरण संतुलन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होनें बताया कि मिल परिसर समेत आस-पास के क्षेत्र को हराभरा बनाने के उद्देश्य से नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जा रहा है तथा लगाये गये पौधो की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है।अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार कर सकते हैं।
इस अवसर पर चीनी मिल अधिकारी सुनील पुनिया,सुनील शर्मा,सुशील कुमार,मनोज सक्सैना,हषवर्धन,संदीप राना, श्री हरिबाबू,प्रदीप सक्सैना, मोहित मित्तल,पवन कुमार, अमित कुमार आदि के द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण किया गया।
हरियाली बढ़ाने की पहल : जीएनआरएफ का विशेष अभियान चलाया
Sun, Jul 12, 2026
पंकज गुप्ता, संदीप पांडे समेत कई गणमान्य लोगों ने लोगों से हर घर एक पौधा लगाने की अपील की
उन्नाव। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में जीएनआरएफ (गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन) की ओर से रविवार को शुक्लागंज स्थित शेरे पंजाब मार्केट में पौधा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पौधे प्राप्त किए। संस्था की ओर से सैकड़ों पौधों का वितरण करते हुए लोगों से अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार कम हो रहे हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।पौधा वितरण शिविर के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडेय, मौलाना असलम मदनी, नूर मोहम्मद, कामरान, शेरे पंजाब सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण के लिए जनभागीदारी को सबसे प्रभावी माध्यम बताया।