बेटे का खूनी गुस्सा : पारिवारिक कलह में पिता की ली जान
Sat, Jul 4, 2026
सिर और गर्दन पर किया हमला, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
उन्नाव। औरास थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बेटे ने गुस्से में आकर पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना औरास थाना क्षेत्र के चमारनखेड़ा मजरा ढकौली गांव की है। शनिवार शाम करीब 7:47 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद पासी उर्फ रेवती (55) का अपने बेटे सोनेलाल पासी (34) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और सोनेलाल ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली। आरोप है कि उसने पिता के सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोनेलाल चार भाइयों में सबसे बड़ा है। गांव में यह भी चर्चा है कि मृतक रेवती भाजपा से जुड़े हुए थे। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। बांगरमऊ सीओ हर्ष मोदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सजाई चौपाल : सास-बहू और मां-बेटी के रिश्तों में प्रेम बढ़ाने को हुआ सम्मेलन
Sat, Jul 4, 2026
पुलिस और परिवार परामर्श समिति ने रिश्तों में प्रेम और विश्वास बढ़ाने पर दिया जोर
उन्नाव। महिला सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक सौहार्द को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को सदर कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी चौकी अंतर्गत उम्मीदों के शहर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में "बहू-बेटी सम्मेलन" का आयोजन किया गया। चौपाल के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सीओ सिटी विनी सिंह ने की। सम्मेलन में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर, चौकी प्रभारी सभाजीत सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर श्री चंद्रकांत मिश्रा सहित पुलिस टीम और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सास, बहू, ननद, भाभी, मां, बेटियों और छात्राओं समेत बड़ी संख्या में महिलाओं व ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।चौपाल के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों को परिवार में प्रेम, सम्मान और आपसी विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया गया। डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि परिवार की बहू को बेटी के समान सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए तथा किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सीओ सिटी विनी सिंह ने कहा कि बहुओं को भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सास को मां के समान सम्मान देना चाहिए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने चाहिए। उन्होंने महिलाओं को 1090, 112 और 108 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग करने के लिए जागरूक किया। डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने अपने संस्मरणों के जरिए परिवार में प्रेम और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने कहा कि पहली बार उनके क्षेत्र में पुलिस विभाग की ओर से परिवारिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए इस तरह का आयोजन किया गया है।सम्मेलन के अंत में सास-बहू, ननद-भाभी और मां-बेटी को एक-दूसरे को माला पहनाकर, मुंह मीठा कराकर और गले मिलवाकर विदा किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान संजय, प्रेम प्रकाश और कोटेदार नरेंद्र कुमार ने सीओ सिटी विनी सिंह को रानी लक्ष्मीबाई का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. मनीष सेंगर ने किया, जबकि चौकी प्रभारी सभाजीत सिंह चौहान ने सभी का आभार जताया।
ऑपरेशन दहन : 77 लाख के नशीले पदार्थ जलाए गए
Sat, Jul 4, 2026
चरस, स्मैक और मॉर्फिन का किया गया निस्तार
उन्नाव। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत करीब 77 लाख रुपये मूल्य के 89.55 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट कराया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) की निगरानी में की गई।पुलिस के मुताबिक, न्यायालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 37 मुकदमों में जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। यह प्रक्रिया दही थाना क्षेत्र स्थित डी-1 साइट नंबर-1 स्थित एओबी प्राइवेट लिमिटेड के बॉयलर (इन्सिनरेटर) में सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी कराई गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 85.35 किलोग्राम गांजा, 3.85 किलोग्राम चरस, 100 ग्राम स्मैक और 250 ग्राम मॉर्फिन शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इनका कुल वजन 89.55 किलोग्राम था और इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 77 लाख रुपये आंकी गई है। पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, संबंधित थाना प्रभारी समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई भी पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।