चाकू दिखाकर महिला का लॉकेट लूटा : बाइक सवार बदमाश फरार
Thu, Oct 8, 2026
नवाबगंज के पीएनवी चौराहे पर वारदात, कानपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी महिला
उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज स्थित पीएनवी चौराहे पर बुधवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को चाकू दिखाकर उसका लॉकेट लूट लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से कानपुर की ओर भाग निकले। परिजनों ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पीड़ित के तहरीर देने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ब्रिजेंद्र नगर निवासी सारिफ खान के अनुसार, वह बुधवार को अपनी मां सबाना बानो और बहन सबिया के साथ कानपुर जाने के लिए घर से निकले थे। नवाबगंज के पीएनवी चौराहे पर तीनों कानपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सबाना बानो चौराहे पर एक चाट की दुकान से पानी पूरी खाने के बाद पानी पी रही थीं। इसी बीच लखनऊ की तरफ से काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने महिला को चाकू दिखाकर उनके गले से लॉकेट लूट लिया और बाइक से कानपुर की तरफ भाग निकले। अचानक हुई घटना से वहां मौजूद लोग भी सकते में आ गए। सारिफ और उनके परिजनों ने बाइक सवारों का पीछा किया, लेकिन आरोपी तेजी से भागने में सफल रहे। सारिफ ने पुलिस को दी तहरीर में घटना का समय करीब दोपहर 2:30 बजे बताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
14 साल की किशोरी लापता : दो भाइयों समेत एक महिला पर केस
Thu, Oct 8, 2026
पिता का आरोप, बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका; पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
उन्नाव।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 14 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पिता ने दो भाइयों समेत एक महिला पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। गहपुरवा गांव निवासी पप्पू के मुताबिक, चार अक्टूबर को वह अपनी मां की दवा लेने अमित मेडिकल स्टोर गया था। दोपहर करीब दो बजे घर लौटने पर उसकी 14 वर्षीय बेटी घर पर नहीं मिली। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। पिता का आरोप है कि बेटी के लापता होने के बाद उसने गांव की कुसुमा से जानकारी की। इसके बाद वह राजू और सुनील के पिता श्रीराम के पास पहुंचा। आरोप है कि वहां उसे बताया गया कि दोनों युवक उसकी बेटी को ले गए हैं। पिता ने कुसुमा पर भी युवकों के साथ संपर्क में रहने और बेटी को ले जाने में भूमिका होने का आरोप लगाया है। पिता ने पांच अक्टूबर को थाने पहुंचकर पुलिस से बेटी को बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। बरामद होने के बाद उसके बयान और मेडिकल परीक्षण समेत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्लॉट खाली कराने पहुंचे लोग : विरोध पर महिला से मारपीट का आरोप
Thu, Oct 8, 2026
घर में घुसकर डंडे और लोहे की रॉड से पीटने की शिकायत, गले से सोने का लॉकेट छीनने का भी आरोप
उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के पिथनहरा गांव में प्लॉट खाली कराने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। एक महिला ने गांव के पांच लोगों पर प्लॉट में रखा सामान जबरन हटाने, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने और घर में घुसकर डंडे व लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। महिला का यह भी कहना है कि मारपीट के दौरान उसके गले से करीब पांच ग्राम वजन का सोने का लॉकेट छीन लिया गया। पिथनहरा निवासी नंदिनी पत्नी सतीश कुमार के मुताबिक, 8 अगस्त की शाम करीब चार बजे वह अपना प्लॉट देखने गई थी। वहां बाबूराम, अजय पाल, गुड्डी, अंशू और संजय मौजूद थे। आरोप है कि प्लॉट में रखा सामान हटाया जा रहा था। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी गई और लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की गई।
घर के अंदर पहुंचने के बाद भी नहीं रुका विवाद
नंदिनी के अनुसार, वह खुद को बचाने के लिए घर के अंदर चली गई, लेकिन आरोपित भी पीछे से घर में घुस आए। यहां डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में उसके बाएं हाथ की कोहनी के नीचे चोट लगने के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना के दौरान उसकी बेटी प्रीती देवी और उसका भाई विनय कुमार भी वहां मौजूद थे। शोर सुनकर विनय मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी जुट गए, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
कार्रवाई की बात पर जान से मारने की धमकी का आरोप
नंदिनी का आरोप है कि विवाद के बाद आरोपितों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसका कहना है कि घटना के बाद वह फतेहपुर चौरासी थाने पहुंची थी। पुलिस ने उसकी चिकित्सकीय जांच तो कराई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। अगले दिन भी थाने जाने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज न होने पर उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।महिला की तहरीर के आधार पर बाबूराम, अजय पाल, गुड्डी, अंशू और संजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।