समझौते की कई कोशिशें बेअसर : पति पर साथ रखने से इनकार का आरोप
Mon, Sep 28, 2026
कार मांग पूरी न होने का आरोप, पति समेत छह पर केस
उन्नाव। चार साल पहले हुई शादी के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया। पुरवा कस्बे की रहने वाली विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर परेशान करने और मारपीट का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच कई बार बातचीत और समझौते की कोशिश हुई, लेकिन बात नहीं बनी। अब उसने पति समेत ससुराल के पांच नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दलीगढ़ी निवासी सीमा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 19 जून 2021 को मौरावां क्षेत्र के मुसंडी गांव निवासी निजामुद्दीन से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने दिए जाने लगे। बाद में कार और दो लाख रुपये की मांग की जाने लगी। सीमा के मुताबिक उसके पिता आर्थिक रूप से कमजोर हैं और परिवार में अन्य जिम्मेदारियां भी हैं, इसलिए वह मांग पूरी करने में असमर्थ थे।
बेटी के जन्म के बाद भी नहीं बदले हालात
सीमा के मुताबिक दहेज की मांग को लेकर विवाद बढ़ने पर उसे ससुराल से मायके भेज दिया गया। इसके बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष से कई बार बातचीत की। गांव के लोगों के बीच भी मामला सुलझाने का प्रयास हुआ और उसे दोबारा ससुराल भेजने की कोशिश की गई, लेकिन पति और उसके परिजन उसे साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुए। विवाहिता ने बताया कि 23 नवंबर 2024 को ऑपरेशन से उसने बेटी को जन्म दिया। बच्ची के जन्म की जानकारी ससुराल पक्ष को भी दी गई। आरोप है कि बेटी के जन्म पर भी ससुराल पक्ष का रवैया ठीक नहीं रहा। बच्ची के इलाज और जन्म से जुड़े खर्च का भुगतान मायके वालों ने किया।
एक अगस्त को मायके पहुंचा पति
तहरीर में सीमा ने एक अगस्त 2026 की घटना का भी जिक्र किया है। उसके मुताबिक उस दिन पति निजामुद्दीन, ससुर सिराजुद्दीन और तीन अज्ञात लोग उसके मायके पहुंचे। यहां दहेज की पुरानी मांग को लेकर फिर विवाद हुआ। आरोप है कि पति कमरे में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर घर के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से चले गए। सीमा का आरोप है कि जाते समय भी उसे धमकी दी गई कि मांग पूरी नहीं हुई तो पति उसे अपने साथ नहीं रखेगा और दूसरी शादी कर लेगा। विवाहिता का कहना है कि इसके बाद भी दोनों परिवारों के बीच समझौते के प्रयास हुए, लेकिन पति और ससुराल के लोग उसे साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुए। पति पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुरवा पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति निजामुद्दीन, ससुर सिराजुद्दीन, सास सकीला, ननद तरहा और सबीना समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ढाबे में घुसकर तोड़फोड़ : संचालक को पीटा
Mon, Sep 28, 2026
बचाव में आए कर्मचारियों को भी नहीं छोड़ा, चार लोगों पर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप; रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के बिचपरी गांव में ढाबे के बाहर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में अंदर तक पहुंच गया। आरोप है कि चार लोगों ने पहले ढाबा संचालक के साथ गालीगलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। बीच में आए कर्मचारियों को भी पीटा गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ढाबे में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कानपुर के डिप्टी पड़ाव निवासी रिंकू मिश्रा बिचपरी स्थित प्रधान ढाबा संचालित करते हैं। पुलिस को दी तहरीर के मुताबिक 24 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह ढाबे पर मौजूद थे। इसी दौरान सामने कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। रिंकू ने मामला शांत कराने के लिए बीचबचाव किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सुनील, कल्लू, मोहित और अरविंद ने रिंकू के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उनके साथ मारपीट की जाने लगी। ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी बीच में पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया।
सामान में की तोड़फोड़
मारपीट के दौरान ढाबे पर हंगामा बढ़ गया। आरोप है कि आरोपियों ने ढाबे में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से निकल गए। घटना के बाद रिंकू ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
सात दिन चलेगा कार्यक्रम : शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां तेज
Mon, Sep 28, 2026
30 अक्टूबर से बीघापुर में जुटेंगे श्रद्धालु, अरुण सिंह के आह्वान पर तय हुई जिम्मेदारियां
उन्नाव। पंडित प्रदीप मिश्रा ‘सीहोर वाले’ के श्रीमुख से होने वाली शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक गौरी, बीघापुर स्थित शिवाय सिटी सेम डे में होने वाली कथा में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर भीड़, पानी, प्रसाद और बैठने समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। कथा के आयोजन को लेकर जिला सहकारी बैंक कार्यालय में आयोजक एवं जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह के आह्वान पर व्यवस्था समिति की बैठक हुई। इसमें आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपने के साथ जरूरी सुझाव भी लिए गए।
अलग-अलग दीर्घाओं की रहेगी व्यवस्था
आयोजन में पुरुष और महिलाओं के बैठने के लिए अलग-अलग दीर्घा बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके अलावा मीडिया कर्मियों के लिए भी पत्रकार दीर्घा बनाई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। कथा में एक सप्ताह तक रुकने वाले लोगों की सुविधा के लिए ठहरने के स्थान और स्नानागार की व्यवस्था को लेकर भी सुझाव लिए गए।
प्रशासनिक अफसरों और विशिष्ट लोगों को बुलाने पर चर्चा
बैठक में शासन के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कथा में आमंत्रित करने पर भी विचार किया गया। अलग-अलग क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को बुलाकर पंडित प्रदीप मिश्रा से आशीर्वाद दिलाने की योजना पर भी चर्चा हुई। समिति ने आयोजन को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए सभी सदस्यों से अपनी-अपनी जिम्मेदारी पूरी करने की अपील की। बैठक में निर्भय सिंह लाला, मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, रवींद्र तिवारी, अभय सिंह, शाखा प्रबंधक उपेंद्र सिंह, डॉ. मनीष सिंह सेंगर, कर्मक्रांति सेवा फाउंडेशन अध्यक्ष चेतन मिश्रा, गीतेश सिंह मोनू, सुजीत सिंह, अंबुज मिश्रा और तरुण द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर शिव महापुराण का श्रवण करने की अपील की।