Sat 20 Jun 2026

ब्रेकिंग

मेयर विनोद अग्रवाल रहे विशिष्ट अतिथि PM मोदी का मिला वर्चुअल मार्गदर्शन, युवाओं से कौशल और परिश्रम से राष्ट्र निर्माण

ससुराल जाते समय हादसे का शिकार हुआ अधेड़

एंटी करप्शन टीम द्वारा कैंटीन में जाल बिछाकर गिरफ्तार करने से क्षेत्र में फैली सनसनी

साधु हत्याकांड के आरोपी के एनकाउंटर की होगी पड़ताल

570 करोड़ की 101 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

करोड़ों की चमक फीकी : ईडी की कार्रवाई के बाद अब मारपीट केस में घिरा अनुराग द्विवेदी

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Tue, Dec 23, 2025
Post views : 341

अजगैन थाने में मुकदमा दर्ज, 7-8 अज्ञात युवकों की तलाश

उन्नाव। नवाबगंज इलाके से ताल्लुक रखने वाला अनुराग द्विवेदी, जो कुछ समय पहले तक सोशल मीडिया पर अपनी महंगी गाड़ियों, आलीशान पार्टियों और क्रिकेट प्रेडिक्शन को लेकर चर्चा में रहता था, अब एक के बाद एक मामलों में घिरता नजर आ रहा है। प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद जहां उसकी आर्थिक गतिविधियां जांच के दायरे में हैं, वहीं अब एक मारपीट का मामला सामने आने से उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

बस रोककर हंगामा, एफआईआर में थार का नंबर दर्ज

ताजा मामला 6 दिसंबर का बताया जा रहा है। अजगैन थाना क्षेत्र में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की एक बस छात्रों को लेकर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में एक थार गाड़ी ने बस को रुकवाया। थार से उतरे युवकों ने बस के अंदर घुसकर न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि यूनिवर्सिटी के कोऑर्डिनेटर के साथ मारपीट भी की। पीड़ित को ऑर्डिनेटर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एफआईआर में साफ तौर पर यूपी 35 बीएम 0001 नंबर की थार का जिक्र है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह गाड़ी यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के नाम पाई गई है। फिलहाल अजगैन पुलिस ने 7 से 8 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

ईडी की कार्रवाई से पहले ही दबाव में था अनुराग

मारपीट की इस घटना से पहले ही अनुराग द्विवेदी पर ईडी का शिकंजा कस चुका है। पश्चिम बंगाल में दर्ज एक अवैध सट्टेबाजी मामले में उसे कई बार समन भेजे गए, लेकिन पेश न होने पर ईडी ने सख्त कदम उठाया। 19 दिसंबर को ईडी की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 10 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की लग्जरी गाड़ियां जब्त की गईं। साथ ही बैंक खातों में जमा करीब 3 करोड़ रुपये की रकम को फ्रीज कर दिया गया। छापे के दौरान घर से लगभग 20 लाख रुपये नकद मिलने की भी पुष्टि हुई है। इसके अलावा मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई अहम दस्तावेज ईडी ने अपने कब्जे में लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

गांव से ग्लैमर तक का सफर

अनुराग द्विवेदी का नाम तब तेजी से उभरा, जब उसने फैंटेसी क्रिकेट और प्रेडिक्शन के जरिए सोशल मीडिया पर बड़ी फॉलोइंग बना ली। छोटे से गांव से निकलकर उसने खुद को एक सफल यूट्यूबर और प्रेडिक्शन एक्सपर्ट के तौर पर पेश किया। महंगी गाड़ियां, विदेश यात्राएं और लग्जरी लाइफस्टाइल उसके वीडियो का हिस्सा बन गईं। आरोप है कि इसी प्रेडिक्शन और सट्टेबाजी से जुड़े ऐप्स के जरिए उसने करोड़ों रुपये कमाए। बाद में वह दुबई शिफ्ट हो गया। 21 नवंबर को दुबई के एक क्लब में हुई उसकी भव्य शादी भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी, जिसने उसे फिर से सुर्खियों में ला दिया।

अब दोहरी जांच के घेरे में

फिलहाल अनुराग द्विवेदी का घर बंद पड़ा है और वह फरार बताया जा रहा है। एक तरफ ईडी उसकी आय और संपत्ति के स्रोतों की गहन जांच कर रही है, तो दूसरी तरफ अजगैन पुलिस मारपीट के मामले में कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। कानूनी जानकारों की मानें तो यदि दोनों मामलों में आरोप साबित होते हैं, तो अनुराग के लिए आगे की राह आसान नहीं होगी। जिस युवक को कभी यूथ आइकॉन और लग्जरी लाइफस्टाइल का प्रतीक माना जाता था, वही अब कानून की सख्त नजरों में है। आने वाले दिनों में जांच क्या मोड़ लेती है, इस पर पूरे जिले की नजर बनी हुई है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन