प्रशासन का शिकंजा : पटाखों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई, सुरक्षा में लापरवाही भी उजागर
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Nov 7, 2026
कहीं घरों में मिला लाखों का बारूद, कहीं दुकानों पर जड़ा ताला

उन्नाव। दीपावली पर रोशनी और खुशियों के बीच आतिशबाजी का कारोबार भी तेज हो गया है। लेकिन इस कारोबार में सुरक्षा नियमों का कितना पालन हो रहा है, इसे लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पटाखों की दुकानों और उनके भंडारण की जांच शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को पुलिस की अलग-अलग कार्रवाइयों में कहीं घरों के अंदर जमा लाखों रुपये की आतिशबाजी मिली तो कहीं आबादी के बीच संचालित दुकानों को बंद कराने के निर्देश दिए गए। अचलगंज में बिना लाइसेंस आतिशबाजी का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं सदर क्षेत्र के अब्बासपुर में आवासीय परिसर के बाहर संचालित पटाखों की दुकानों पर कार्रवाई की गई। अचलगंज बाजार में शुक्रवार शाम थाना पुलिस ने एसओ सुब्रत नारायण के नेतृत्व में अभियान चलाया। पुलिस ने पांच स्थानों पर छापेमारी की तो वहां बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का सामान जमा मिला। बरामद सामग्री की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस के अनुसार, संबंधित लोगों के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस नहीं था। इस मामले में केशव नगर निवासी शुभम गुप्ता, अजय गुप्ता, नीरज गुप्ता और मोनू गुप्ता समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपितों के घरों से आतिशबाजी बरामद हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिहायशी इलाके की दुकान से 28 गत्ते पटाखे बरामद, आरोपी गिरफ्तार
आसीवन थाना क्षेत्र के हैदराबाद कस्बे के सुभाषनगर में पुलिस ने छापा मारकर एक दुकान से 28 छोटे-बड़े गत्तों में रखे पटाखे बरामद किए। पुलिस ने दुकान संचालक हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर तहसीलदार हसनगंज कीरत सिंह और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ संयुक्त टीम ने दुकान पर छापा मारा। जांच में पता चला कि हिमांशु के पास बरहाकलां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज के सामने पटाखे बेचने का लाइसेंस था, लेकिन वह सुभाषनगर स्थित रिहायशी इलाके की दुकान में पटाखों का भंडारण कर रहा था। दुकान पर लगे बारकोड के जरिये पटाखों की बिक्री भी की जा रही थी। पुलिस ने पटाखों के साथ बारकोड भी कब्जे में लेकर सील कर दिया। बरामदगी में एक गत्ते से बच्चों की प्लास्टिक की खिलौना पिस्टल भी मिली। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी और बीएनएस की धारा 288 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आवास के बाहर चल रही थीं दुकानें, बंद कराने के निर्देश
उधर, सदर क्षेत्र के अब्बासपुर में संचालित पटाखा मार्केट का शुक्रवार को एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आवासीय परिसर के बाहर राजपूत फायर वर्क्स समेत दो दुकानें संचालित मिलीं। एसपी सिटी ने दुकानों को तत्काल बंद कराने और सीज करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रतिबंध के बावजूद दोबारा दुकानें खोली गईं तो संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस ने अन्य दुकानों में भी सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की और नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
गंदा नाला के पास दुकान में मिली एक गत्ता दैमार
वहीं, सदर कोतवाली पुलिस ने भी चेकिंग के दौरान गंदा नाला के पास एक दुकान पर छापा मारा। यहां से एक गत्ता दैमार बरामद किया गया। पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पटाखों की बिक्री और भंडारण के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दीपावली के दौरान बाजारों और आबादी वाले इलाकों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में आतिशबाजी का भंडारण या बिक्री निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बिना होने पर हादसे का खतरा बढ़ सकता है। कोतवाल सीके मिश्रा का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
माखी: हिंदूखेड़ा में सात गत्तों में मिले थे 6060 पटाखे
माखी थाना क्षेत्र के हिंदूखेड़ा गांव में एक नवंबर को पुलिस ने छापेमारी कर सात गत्तों में रखे 6060 पटाखे बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार, दुकानदार पटाखों की बिक्री और भंडारण से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा सका था। इसके बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी की गिरफ्तारी की गई थी।
आबादी के बीच पटाखों का भंडारण बढ़ा सकता है खतरा
दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर सुरक्षा के इंतजाम जरूरी हैं। इसके बावजूद अलग-अलग इलाकों में बिना लाइसेंस पटाखे रखे जाने और बेचे जाने के मामले सामने आ रहे हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में आतिशबाजी के सामान का भंडारण आग लगने या हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में दुकानों की जांच के साथ यह देखना भी जरूरी है कि पटाखे निर्धारित स्थानों पर ही रखे और बेचे जा रहे हैं या नहीं।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन