मोबाइल अटका : कुछ ही देर में खाते से निकल गए 61 हजार
Sat, Oct 10, 2026
पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत; पुलिस ने अब दर्ज की रिपोर्ट
उन्नाव। मोबाइल अचानक हैंग होना अचलगंज क्षेत्र के एक युवक को भारी पड़ गया। मोबाइल के काम करना बंद करने के कुछ ही समय बाद उसके बैंक खाते से यूपीआई के जरिये 61,100 रुपये का ट्रांजेक्शन हो गया। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर युवक ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। अब मामले में अचलगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। भैंसई नौबस्ता निवासी सचिन मिश्रा का खाता एचडीएफसी बैंक की डीएलएफ फेस-1, गुड़गांव शाखा में है। सचिन के मुताबिक 20 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया था। वह मोबाइल को लेकर परेशान थे, इसी दौरान उनके बैंक खाते से यूपीआई के जरिये 61,100 रुपये निकल गए। खाते से रकम निकलने का पता चलने पर उन्होंने लेनदेन की जानकारी जुटाई। तहरीर के अनुसार खाते से हुए इस ट्रांजेक्शन की आईडी भी सामने आई है। सचिन ने आशंका जताई कि मोबाइल हैक किए जाने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के जरिये रकम निकाली है। घटना के बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दी थी। इसके बाद 9 अक्तूबर को अचलगंज थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन और उससे जुड़े विवरण के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
रामलला के दर्शन की आस हुई पूरी : 170 बुजुर्ग अयोध्या रवाना
Sat, Oct 10, 2026
पंकज गुप्ता की श्रवण कुमार यात्रा के तहत तीन बसों से मिला निःशुल्क तीर्थ दर्शन का मौका
उन्नाव। उम्र के इस पड़ाव पर अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की इच्छा रखने वाले 170 श्रद्धालुओं के लिए शनिवार का दिन खास रहा। सदर विधायक पंकज गुप्ता की ओर से संचालित ‘श्रवण कुमार तीर्थाटन यात्रा’ के तहत बेहटा क्षेत्र से तीन बसों में भरकर श्रद्धालु दो दिवसीय अयोध्या धाम यात्रा पर रवाना हुए। यात्रा का पूरा खर्च विधायक अपने निजी संसाधनों से उठा रहे हैं। बसों से अयोध्या रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। विधायक पंकज गुप्ता ने खुद पहुंचकर बुजुर्गों को बसों तक पहुंचाया और उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस पहल के जरिए ऐसे बुजुर्गों को धार्मिक यात्रा का अवसर मिल रहा है, जिनके लिए अपने स्तर पर तीर्थस्थल तक पहुंचना आसान नहीं होता।
बुजुर्गों की सेवा को बताया सौभाग्य
विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं। माता-पिता के समान उनका सम्मान करना और उन्हें प्रभु श्रीराम की नगरी के दर्शन कराना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सेवा और धर्म से जुड़ा यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
तीर्थ यात्रा को लेकर दिखा उत्साह
बेहटा क्षेत्र से श्रद्धालुओं की रवानगी के दौरान स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। दो दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में दर्शन का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्रधान लल्लन तिवारी, रामशंकर प्रधान, रामनरेश, कृष्ण कुमार, शैलेंद्र तिवारी, कुंवर बहादुर, अनूप द्विवेदी, संजय, ओमप्रकाश, रामतौर, सुमन, सानू तिवारी, बिक्की कोटेदार, मनोज तिवारी, विकास यादव, कमलेश यादव और पूर्व प्रधान छोटे परिहार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
खेल के मैदान में दिखाया दम : मेडल जीतकर बढ़ाया मान
Sat, Oct 10, 2026
75वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन, विधायक पंकज गुप्ता ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
उन्नाव। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित 75वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने खेल मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को खास बनाया। समापन समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने विजेता और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन और नियमित अभ्यास भी जरूरी है। मैदान पर सीखा गया अनुशासन विद्यार्थियों को जीवन के दूसरे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने में मदद करता है।
विधायक ने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों का शारीरिक विकास होने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मिलकर काम करने की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने प्रतिभागियों को हार-जीत से सीख लेते हुए आगे बढ़ने और भविष्य में जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।समापन समारोह में शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल और हृदय राम वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, जनपदीय क्रीड़ा सचिव नवीन सिन्हा, ओपीजेडी इंटर कॉलेज शुक्लागंज के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह और जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल समेत परमात्मा शरण, अजब सिंह यादव, कमलेश कुमार, दिनेश कुमार गुप्ता और निखिल कुमार त्रिवेदी मौजूद रहे।