अस्पताल पहुंचे अंकित परिहार : मुलायम की पुण्यतिथि पर सेवा के जरिए दिया संदेश
Sat, Oct 10, 2026
अंकित परिहार ने मरीजों का जाना हाल, बांटीं पौष्टिक आहार किट
उन्नाव। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर विधानसभा क्षेत्र भगवंतनगर में इंजी. अंकित सिंह परिहार ने सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि देने के बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचे। यहां भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और पौष्टिक आहार किट वितरित की।अंकित परिहार ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जीवनभर गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और कमजोर वर्गों के लिए आवाज उठाई। उनकी पुण्यतिथि पर सिर्फ श्रद्धांजलि देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बीमारी के समय मरीज और उसके परिवार पर आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का दबाव रहता है। ऐसे समय में छोटी सी मदद भी उनके लिए काफी मायने रखती है। भगवंतनगर क्षेत्र के लोगों को अपना परिवार बताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनकी जिम्मेदारी है।
इससे पहले जिला कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सपा की राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन और जिलाध्यक्ष जयचंद विमल की मौजूदगी में मुलायम सिंह यादव को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष और समाजवादी विचारधारा को याद किया। इसके बाद अंकित परिहार के नेतृत्व में अस्पतालों में सेवा अभियान चलाया गया।
बेटियों को मिली साइकिल : आसान हुआ पढ़ाई का रास्ता
Sat, Oct 10, 2026
मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर जरूरतमंद छात्राओं को मिला आने-जाने का साधन
अन्नू टंडन ने बांटीं साइकिलें, बोलीं- बेटियों की पढ़ाई में आर्थिक परेशानी आड़े नहीं आनी चाहिए
उन्नाव। घर से स्कूल की दूरी ज्यादा हो और आने-जाने का कोई साधन न हो तो पढ़ाई का सफर भी मुश्किल हो जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की ऐसी ही छात्राओं के लिए शनिवार को साइकिलें मददगार बनीं। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन ने नेताजी मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आई जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें भेंट कीं। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरे पर खुशी नजर आई। छात्राओं ने बताया कि अब तक उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए काफी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी। इससे समय और मेहनत दोनों अधिक लगते थे। साइकिल मिलने से न केवल आने-जाने में सुविधा होगी, बल्कि पढ़ाई के लिए भी ज्यादा समय मिल सकेगा। अन्नू टंडन ने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए जरूरी है। आर्थिक दिक्कत के कारण किसी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और वंचित वर्ग के लोगों के हित की बात करते रहे। उनकी पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों की मदद करना उनके विचारों को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई पर ध्यान देने और अपने लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ने की अपील की। कहा कि बेटियों को सही अवसर और सहयोग मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।
साइकिल पाने वाली छात्राओं में दीपा गौतम, काजल निषाद, गुलशन यादव, निवासिनी पाल, रचना राठौर, साक्षी त्रिपाठी और काजल लोधी समेत अन्य शामिल रहीं। छात्राओं ने अन्नू टंडन का आभार जताया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जयचंद्र विमल, नीरू टंडन, अंकित सिंह परिहार, विवेक शुक्ला, अजय श्रीवास्तव एडवोकेट, इस्माइल खान, आनंद अर्कवंशी, अमित शुक्ला, संजय निगम, हृदय श्रीवास्तव एडवोकेट, राहुल शुक्ला सभासद, सानू सभासद, पंकज गुप्ता सभासद और शरीफ खान मौजूद रहे।
हवा में घुल रही थी बदबू : पानी भी हो रहा था प्रदूषित जेएस इंटरनेशनल का संचालन बंद
Sat, Oct 10, 2026
नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे हालात बिजली काटकर मशीनें सीज
उन्नाव। बंथर औद्योगिक क्षेत्र में डॉग फूड बनाने वाली जेएस इंटरनेशनल फैक्टरी पर शुक्रवार को प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। फैक्टरी में प्रदूषण की शिकायतों और मानकों की अनदेखी के मामले में संचालन बंद कराते हुए बिजली कनेक्शन काट दिया गया। इसके बाद मशीनों को सीज कर मुख्य गेट पर ताला लगाकर फैक्टरी को सील कर दिया गया। बताया गया कि फैक्टरी में डॉग फूड तैयार करने के लिए मांस समेत दूसरी कच्ची सामग्री का इस्तेमाल होता था। टीम की जांच में सामने आया कि इस सामग्री को फैक्टरी परिसर के बाहर खुले मैदान में सुखाया जा रहा था। इससे आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैलने के साथ वायु प्रदूषण की शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से पहले भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी।जांच में फैक्टरी से निकलने वाले दूषित पानी को भी बिना शोधन के बाहर छोड़े जाने की बात सामने आई। बोर्ड की ओर से संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने के बाद इकाई के खिलाफ बंदी आदेश जारी किया गया।
पांच सदस्यीय टीम ने पहुंचकर की कार्रवाई
शुक्रवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर एसडीएम सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में टीम फैक्टरी पहुंची। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. शशि बिंदकर, नायब तहसीलदार अनुपमा सिंह, सहायक अभियंता उपेंद्र और विद्युत विभाग के अवर अभियंता कार्रवाई में शामिल रहे। टीम ने पहले फैक्टरी के अंदर जाकर मशीनों को सीज किया। इसके बाद बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया। अंत में मुख्य गेट पर ताला लगाकर सील लगा दी गई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. शशि बिंदकर ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण और फील्ड सर्वे लगातार किया जा रहा है। जांच में जेएस इंटरनेशनल में प्रदूषण संबंधी मानकों का पालन नहीं होने की स्थिति सामने आई थी। बंदी आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को इकाई का संचालन बंद कराया गया।