पुलिस ने लौटाई 121 लोगों की मुस्कान : 25 लाख के गुम मोबाइल मालिकों तक पहुंचे
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Aug 2, 2026
जनवरी से अब तक 1.01 करोड़ रुपये के 488 मोबाइल बरामद
उन्नाव। मोबाइल गुम होने के बाद ज्यादातर लोग यह मान लेते हैं कि अब वह कभी वापस नहीं मिलेगा। लेकिन उन्नाव पुलिस ने एक बार फिर इस धारणा को गलत साबित कर दिया। जनपद पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 121 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे। इस दौरान उन्होंने बताया कि मोबाइल पहचान पंजीकरण प्रणाली (सीईआईआर) के प्रभावी उपयोग और सर्विलांस टीम की तकनीकी निगरानी से गुम मोबाइलों की बरामदगी में लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद के सभी थानों में मोबाइल गुम होने की शिकायतों को मोबाइल पहचान पंजीकरण प्रणाली (सीईआईआर) पर दर्ज कराया जा रहा है। इसके बाद सर्विलांस टीम मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर संबंधित थानों के सहयोग से उन्हें बरामद करती है। एसएसपी ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल और सभी थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक 488 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 1 लाख रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इनमें केवल 2 अगस्त को ही 121 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, इस बार बरामद मोबाइलों में सैमसंग (10), वीवो (33), ओप्पो (15), रियलमी (17), रेडमी (17), टेक्नो (10), वनप्लस (6), पोको (4), लावा (2), मोटोरोला (2), आईटेल (2), इनफिनिक्स (2), आईक्यूओ (1) और एचएमडी (1) कंपनी के स्मार्टफोन शामिल हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन दोबारा मिल पाएगा, लेकिन उन्नाव पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते उनका कीमती सामान वापस मिल गया।एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और मोबाइल पहचान पंजीकरण प्रणाली (सीईआईआर) पर भी शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल बरामद होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सर्विलांस की मदद से जनपद पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में भी गुम मोबाइलों की बरामदगी का अभियान इसी तरह जारी रहेगा।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन