आवारा कुत्तों का खूनी हमला : 60 भेड़ों की मौत, पशुपालकों पर टूटा रोजी-रोटी का संकट
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Jul 19, 2026
बांगरमऊ के गोपालगंज गांव में मची अफरातफरी, 20 भेड़ें घायल, लाखों के नुकसान के बाद मुआवजे की मांग
उन्नाव। बांगरमऊ क्षेत्र के हरियावर ग्राम पंचायत के मजरा गोपालगंज में शुक्रवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही मिनटों में तीन परिवारों की सालों की मेहनत उजड़ गई। आठ से दस कुत्तों के झुंड ने करीब 100 भेड़ों पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान मची भगदड़ में कई भेड़ें एक-दूसरे के नीचे दब गईं, जबकि कई को कुत्तों ने बुरी तरह नोच डाला। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक 60 भेड़ों की मौत हो चुकी थी और करीब 20 भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। गोपालगंज निवासी सगे भाई मंशाराम, नेकराम और जगन्नाथ वर्षों से भेड़ पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रोज की तरह शुक्रवार को भी उनकी भेड़ें घर के पास बने अहाते में बंधी थीं। इसी बीच अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां घुस आया और भेड़ों पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से सहमी भेड़ें इधर-उधर भागने लगीं, जिससे अहाते में अफरातफरी मच गई। कई भेड़ें भगदड़ में दबकर मर गईं, जबकि कई कुत्तों के हमले का शिकार हो गईं। शोर सुनकर पशुपालक और आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के सहारे कुत्तों को किसी तरह वहां से भगाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है। बड़ी संख्या में मृत भेड़ों को देखकर पशुपालकों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अशोक शुक्ला और क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृत और घायल भेड़ों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया तथा रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन ने मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है। पीड़ित पशुपालकों का कहना है कि भेड़ पालन ही उनके परिवार की आय का मुख्य साधन है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले भी कई बार पालतू पशुओं पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इंसानों पर भी बड़े हमले हो सकते हैं।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन