Mon 22 Jun 2026

ब्रेकिंग

एआरटीओ कार्यालय विवाद में विभाग का पक्ष आया सामने

बच्चों के सामने पत्नी को पीटता रहा पति

जिला महिला अस्पताल का आदर्श टीकाकरण केंद्र बना मिसाल, रविवार को भी मिल रही सुविधा

ऑटो पलटने से मजदूर की गई जान

पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

उन्नाव नगरपालिका के दावे फेल : शब्बे बरात से पहले एबीनगर कब्रिस्तान मार्ग बदहाल, गंदगी से लोगों में नाराजगी

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Mon, Feb 2, 2026
Post views : 636

कब्रों पर फातिहा पढ़ने जाने वालों को कीचड़, गड्ढों और गंदे पानी से जूझना पड़ रहा

उन्नाव। शहर के एबीनगर इलाके में कब्रिस्तान के पास का रास्ता बदहाल पड़ा है। नियमित सफाई न होने से सड़क पर कीचड़ फैल गया है, नालियां कचरे से अटी हैं और गंदा पानी बीच सड़क से बह रहा है। कल यानी 3 फरवरी को शब्बे बरात है। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग शाम से अपने पूर्वजों की कब्रों पर जाकर फातिहा पढ़ते हैं और दुआ करते हैं। लेकिन त्योहार से पहले भी हालात न सुधरने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। इलाके के लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान जाने वाला यह प्रमुख मार्ग लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। पैदल चलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनमें गंदा पानी भरा रहता है। कई बार लोग फिसल कर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों में नाराज़गी

स्थानीय निवासी मोहम्मद अहमद ने बताया कि शब्बे बरात जैसे बड़े मौके पर भी सफाई नहीं कराई गई। शाम के वक्त बुजुर्ग और बच्चे कब्रिस्तान जाते हैं। कीचड़ और गड्ढों की वजह से हर समय हादसे का डर बना रहता है। कई बार नगर पालिका से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
वहीं नियाज़ खान का कहना है कि नालियां पूरी तरह जाम हैं। गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है और बदबू से हालात और खराब हो जाते हैं। नगर पालिका सफाई के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन इस इलाके की हालत उन दावों की पोल खोल देती है।अयाज़ फारुकी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कब्रिस्तान जाने का यही मुख्य रास्ता है। पानी भर जाने पर गड्ढे नजर नहीं आते और लोग गिर जाते हैं। त्योहार से पहले भी अगर सफाई नहीं हो पाई तो यह साफ लापरवाही है।

शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था

स्थानीय लोगों के मुताबिक सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। शब्बे बरात के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही से परेशानी और बढ़ने की आशंका है।

स्वच्छता के दावे और जमीनी हकीकत

नगर पालिका स्वच्छता को लेकर कागजी दावे पेश कर रही है, जबकि एबीनगर कब्रिस्तान मार्ग पर फैली गंदगी इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क पर बहता नाला पानी और जमा कचरा नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

तुरंत सफाई की मांग

इलाके के लोगों ने मांग की है कि शब्बे बरात से पहले नालियों की सफाई कराई जाए, सड़क पर जमा कीचड़ हटाया जाए और गड्ढों को भरा जाए, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से कब्रिस्तान पहुंच सकें। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन