Mon 14 Sep 2026

ब्रेकिंग

गणपति को नमन कर लिया आशीर्वाद

मजदूर की डूबकर मौत

खुला नौकरी के नाम पर ठगी का मामला

पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

मदद के साथ बढ़ाया लोगों का भरोसा

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

राखी सिर्फ कलाई पर नहीं, पेड़ों पर भी बंधी : बच्चों ने लिया हरियाली बचाने का संकल्प

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, Aug 27, 2026
Post views : 79

‘ट्री मैन’ के साथ बच्चों ने मनाया ग्रीन रक्षाबंधन

उन्नाव। भाई-बहन के प्यार का त्योहार रक्षाबंधन इस बार रिजर्व पुलिस लाइन के प्राथमिक विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। यहां बच्चों ने इंसानों की कलाई पर नहीं, बल्कि स्कूल परिसर में खड़े पेड़-पौधों पर राखियां बांधकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया। पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी और ‘ट्री मैन’ के नाम से पहचान बना चुके उपनिरीक्षक अनूप मिश्रा की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षाबंधन को पर्यावरण से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अनूप मिश्रा अपनी पत्नी उपनिरीक्षक रीना पांडेय के साथ पहुंचे। विद्यालय प्रभारी नुपुर श्रीवास्तव और स्कूली बच्चों की मौजूदगी में पेड़-पौधों को राखी बांधी गई। इस दौरान बच्चों को बताया गया कि पेड़ केवल गर्मी से राहत देने या बारिश लाने में मदद करने वाले पौधे नहीं हैं, बल्कि हमारी सांसों और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी हैं। बच्चों ने पौधों की नियमित देखभाल करने, उन्हें नुकसान से बचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

बच्चों से कहा, पेड़ को भी परिवार का हिस्सा समझें

अनूप मिश्रा ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर हम अपने भाई-बहनों की सुरक्षा की बात करते हैं। इसी तरह पेड़-पौधों की भी जिम्मेदारी हमें उठानी चाहिए। पौधा लगाने के बाद उसे पानी देना, उसकी सुरक्षा करना और बड़ा होने तक उसकी देखभाल करना भी पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को आसपास लगे पेड़ों की देखभाल के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस दंपती ने बच्चों को चॉकलेट और मिठाई भी बांटी। राखी बांधने के दौरान बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। विद्यालय परिसर में हुए इस आयोजन ने रक्षाबंधन के पारंपरिक त्योहार को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ दिया।

स्कूलों और सोशल मीडिया से जोड़ रहे लोगों को

अभियान संयोजक अनूप मिश्रा के मुताबिक पेड़ों की सुरक्षा और पौधरोपण को लेकर लंबे समय से मुहिम चलाई जा रही है। अभियान के तहत जिले के 100 से ज्यादा सरकारी स्कूलों को जोड़ा जा चुका है। सोशल मीडिया के जरिए एक लाख से अधिक लोगों तक भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया है। रक्षाबंधन के मौके पर लोगों को व्हाट्सएप संदेश भेजकर त्योहार को पर्यावरण रक्षा उत्सव के रूप में मनाने की अपील की गई।

एक लाख से ज्यादा पौधे लगाने का दावा

अनूप मिश्रा को उन्नाव में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते ‘ट्री मैन’ के नाम से भी जाना जाता है। उनके मुताबिक अब तक वह एक लाख से अधिक पौधे लगा चुके हैं। उनका प्रयास केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर लोगों को उनकी देखभाल के लिए जोड़ने का भी है। इसी सोच के तहत इस बार रक्षाबंधन पर पेड़ों को राखी बांधकर लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि प्रकृति की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है, जितनी अपने रिश्तों की।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन