Tue 28 Jul 2026

ब्रेकिंग

भाजपा सरकार पर बरसे प्रीतम सिंह

एक ही बर्तन में बन रहा था वेज और नॉनवेज

फिर फंदे पर झूल गया युवक

न्याय व्यवस्था में योगदान को सराहा

जन चौपाल में उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक समरसता महारैली को लेकर कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा : खड़े ट्रक में घुसी डबल डेकर बस, 23 यात्री घायल, सात की हालत गंभीर

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Sun, May 17, 2026
Post views : 149

दिल्ली से आजमगढ़ जा रही बस बांगरमऊ के पास हादसे का शिकार, चालक को झपकी आने की आशंका

उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 237 के पास तेज रफ्तार डबल डेकर बस पीछे से खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 23 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, निजी डबल डेकर बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। रविवार सुबह करीब छह बजे जब बस एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चालक को चलते समय झपकी आ गई थी। इसी वजह से तेज रफ्तार बस सीधे आगे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल होकर बस के अंदर ही पड़े रहे। सूचना मिलते ही बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यूपीडा की टीम और स्थानीय राहतकर्मियों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ यात्रियों के सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया। कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि बस आधुनिक सुरक्षा प्रणाली से लैस थी। इसी वजह से इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद किसी यात्री की जान नहीं गई। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बस चालक समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। हादसे में घायल होने वालों में अमेठी निवासी चंद्रमणि शुक्ला, आजमगढ़ के नारायण दत्त, श्रीकांत यादव, सौरभ त्रिपाठी और संतोष, सुल्तानपुर के देवेंद्र द्विवेदी, श्रद्धा पांडे, संजय पांडे और मुन्नी देवी, सीवान के श्रीपाल सिंह, लखनऊ की श्वेता पांडे, जौनपुर के सचिन सिंह और गाजियाबाद के आयुष मिश्रा समेत कुल 23 यात्री शामिल हैं। पुलिस बाकी यात्रियों का विवरण जुटाने के साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को दुर्घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन