Mon 14 Sep 2026

ब्रेकिंग

गणपति को नमन कर लिया आशीर्वाद

मजदूर की डूबकर मौत

खुला नौकरी के नाम पर ठगी का मामला

पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

मदद के साथ बढ़ाया लोगों का भरोसा

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

40 किमी तक तिरंगे संग चला पुरवा : भीषण गर्मी भी नहीं रोक पाई तिरंगा यात्रा का जुनून

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Aug 12, 2026
Post views : 99

विधायक अनिल सिंह और कल्पना सिंह ने पैदल चलकर बढ़ाया हौसला

उन्नाव। आजादी के पर्व से पहले बुधवार को पुरवा विधानसभा क्षेत्र में देशभक्ति का अलग ही रंग देखने को मिला। असोहा ब्लॉक मुख्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा करीब 40 किलोमीटर का सफर तय कर मौरावां पहुंची। बाइक और वाहनों के काफिले के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और भारत माता के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व पुरवा विधायक अनिल सिंह ने किया। असोहा से शुरू हुआ काफिला कालूखेड़ा और कंचनपुर होते हुए मौरावां पहुंचा। रास्तेभर युवाओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। कई जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा को रोककर स्वागत किया और तिरंगा लहराकर अपना समर्थन जताया।

भीषण गर्मी में भी नहीं थमा जोश

बुधवार को तेज धूप और उमस के बावजूद यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। विधायक अनिल सिंह ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में भी लोग पैदल चल रहे हैं, यह देश के प्रति उनके जज्बे और तिरंगे के प्रति सम्मान को दिखाता है। उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया और सभी से इसी तरह देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

मौरावां में बाइक से उतरे विधायक

मौरावां कस्बे में पहुंचने के बाद यात्रा का स्वरूप बदल गया। विधायक अनिल सिंह बाइक से उतरकर हाथ में तिरंगा लेकर पैदल चलने लगे। उनके साथ नगर चेयरमैन कुंवर विवेक सेठ भी पैदल यात्रा में शामिल हुए। दोनों के हाथों में तिरंगा देखकर समर्थकों और स्थानीय लोगों में भी उत्साह दिखाई दिया।

देशभक्ति गीतों से बढ़ाया लोगों का उत्साह

माही संस्था की अध्यक्ष कल्पना सिंह भी यात्रा में सक्रिय नजर आईं। हाथ में तिरंगा लेकर वह देशभक्ति के गीत गाते हुए यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाती रहीं। उनके गीतों के बीच लोगों ने भी जोश के साथ नारे लगाए। कल्पना सिंह की मौजूदगी से यात्रा में बड़ी संख्या मे महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी दिखाई दी। इसके अलावा चेयरमैन कुंवर विवेक सेठ की पत्नी पल्लवी सेठ भी यात्रा में मौजूद रहीं।

जगह-जगह हुआ स्वागत

असोहा से लेकर मौरावां तक यात्रा जिस रास्ते से गुजरी, वहां लोगों ने अपने-अपने अंदाज में स्वागत किया। कहीं पुष्पवर्षा की गई तो कहीं तिरंगा लेकर लोग सड़क किनारे खड़े नजर आए। बाइक सवारों का लंबा काफिला और हाथों में लहराते तिरंगे पूरे रास्ते आकर्षण का केंद्र बने रहे।

पुलिस रही मुस्तैद

करीब 40 किलोमीटर लंबी यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहा। यात्रा मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। भीड़ और वाहनों के चलते यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालते रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुरवा विधानसभा क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन