बाबूजी की जयंती पर सेवा कार्य : गरीबों और राहगीरों को बांटे फल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Aug 26, 2026
अन्नू टंडन ने माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, इस्माइल खान ने गरीबों और राहगीरों को बांटे फल

उन्नाव। पूर्व मंत्री, सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे अनवार अहमद ‘बाबूजी’ की 105वीं जयंती पर बुधवार को उन्हें सेवा कार्यों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया गया। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने सपा कार्यालय में बाबूजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अनवार अहमद के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

वहीं, पूर्व सपा नेता एडवोकेट इस्माइल खान ने जयंती के अवसर को सेवा कार्य से जोड़ते हुए सदर विधानसभा क्षेत्र में अलग कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने विभिन्न धार्मिक स्थलों के बाहर गरीबों और राहगीरों को फल वितरित किए। इसके अलावा लखनऊ मार्ग चौराहे पर शिविर लगाकर नागरिकों और राहगीरों को चाय-बिस्किट भी बांटे। इस्माइल खान ने बाबूजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अनवार अहमद ने अपने राजनीतिक जीवन में गरीबों, कमजोरों और जरूरतमंदों की आवाज उठाई। आम लोगों के बीच उनकी सादगी और ईमानदार छवि के कारण उन्हें आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है। जयंती पर जरूरतमंदों की सेवा करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति की। उनके विचारों और जनसेवा की भावना से समाजवादी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। इस्माइल खान ने कहा कि बाबूजी के बताए रास्ते पर चलते हुए कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से जुटेंगे और जिले की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी की जीत के लिए काम करेंगे। सेवा कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन