भगवंतनगर में चुनावी सरगर्मी तेज़ : जयविंद सिंह ने ठोकी दावेदारी, बोले, क्षेत्र को चाहिए स्थानीय नेतृत्व
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Jul 19, 2026
प्रेस वार्ता में विकास, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे उठाए, बाहरी प्रत्याशियों पर भी साधा निशाना
उन्नाव। विधानसभा चुनाव भले अभी कुछ समय दूर हों, लेकिन भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। रविवार को सुमेरपुर स्थित रघुराजा राम गोपाल महाविद्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के जरिए पूर्व विधायक स्व. जयविंद सिंह के पुत्र जयविंद सिंह ने अपनी राजनीतिक मंशा खुलकर सामने रखी। उन्होंने क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं, विकास कार्यों की रफ्तार और स्थानीय नेतृत्व की जरूरत को प्रमुख मुद्दा बताते हुए आगामी चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरने के संकेत दिए। प्रेस वार्ता में जयविंद सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे अलग-अलग दलों के संभावित प्रत्याशी जनता के बीच सक्रिय होने लगे हैं। ऐसे समय में क्षेत्र की जनता को भी यह तय करना होगा कि वह ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करे, जो वर्षों से क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में साथ रहा हो और स्थानीय समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझता हो। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए बाहरी नेताओं पर भी निशाना साधा। कहा कि चुनाव के समय कई लोग खुद को बैसवारा का बेटा बताकर जनता के बीच पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद क्षेत्र की समस्याएं जस की तस रह जाती हैं। उनका कहना था कि सिर्फ भावनात्मक बातें करने से विकास नहीं होता, बल्कि जनता के बीच रहकर काम करना जरूरी है।जयविंद सिंह ने मौजूदा विधायक के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में विकास के बड़े दावे जरूर किए गए, लेकिन सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं आज भी लोगों के सामने खड़ी हैं। ग्रामीण इलाकों में खराब सड़कें, युवाओं के लिए रोजगार के सीमित अवसर और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी आज भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव जाति और नारों के बजाय विकास, जवाबदेही और स्थानीय नेतृत्व के मुद्दे पर होना चाहिए। जनता अब सिर्फ वादे नहीं, बल्कि काम का हिसाब चाहती है। उनका दावा था कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिला तो क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी और हर गांव तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी संकेत दिए कि वह कांग्रेस पार्टी के टिकट पर भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा, लेकिन उन्होंने कहा कि वह पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच रहकर अपनी बात रखेंगे। जयविंद सिंह की इस प्रेस वार्ता के बाद भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं और आने वाले दिनों में विभिन्न दलों के संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन