जिला कारागार पहुंचे डीएम-एसएसपी : जेल में बंदियों से पूछा हाल, व्यवस्थाओं की भी ली थाह
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Aug 25, 2026
बैरक से लेकर अस्पताल तक किया जायजा, भोजन और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
उन्नाव। जिला कारागार की व्यवस्थाओं को परखने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के साथ जेल पहुंचे। अफसरों ने सिर्फ व्यवस्थाएं देखने तक ही निरीक्षण सीमित नहीं रखा, बल्कि बंदियों से सीधे बातचीत कर यह भी जाना कि उन्हें जेल में मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की दिक्कत तो नहीं है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अलग-अलग बैरकों का जायजा लिया। इसके बाद भोजनालय, चिकित्सालय और महिला बैरक में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। जेल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी परखी गई। सुरक्षा इंतजामों को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बंदियों से बात कर जानी परेशानी
अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत के दौरान उनके खानपान, इलाज और दूसरी जरूरी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन से कहा कि बंदियों को शासन की ओर से तय मानकों के अनुसार सुविधाएं मिलनी चाहिए। भोजन की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए और बीमार बंदियों को समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
सफाई और सुरक्षा पर खास जोर
डीएम घनश्याम मीणा ने जेल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैरकों और अन्य स्थानों पर साफ-सफाई में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरतने के लिए कहा।
सुधार की दिशा में भी काम करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने जेल में बंद लोगों के सुधार और पुनर्वास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को सकारात्मक माहौल और सुधार के अवसर मिलना जरूरी है। ऐसे प्रयास किए जाएं, जिससे सजा पूरी करने के बाद वे समाज की मुख्यधारा में बेहतर तरीके से लौट सकें।निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन के अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन