आठ बीघे में बस रही थी कॉलोनी : सरकारी जेसीबी ने बिगाड़ा पूरा खेल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Aug 25, 2026
गंगा विहार कॉलोनी में बिना नक्शा पास कराए चल रही थी प्लाटिंग, इंटरलॉकिंग भी उखाड़ी

उन्नाव। शुक्लागंज में प्लॉट खरीदकर घर बनाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए मंगलवार की कार्रवाई एक बड़ा सबक रही। आजाद मार्ग स्थित गंगा विहार कॉलोनी, आटा बंथर कड़ेर पतारी में करीब आठ बीघे जमीन पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाटिंग कराई जा रही थी। सूचना पर पहुंची शुक्लागंज-उन्नाव विकास प्राधिकरण की टीम ने मौके का निरीक्षण करने के बाद जेसीबी चलवा दी। बाउंड्रीवाल के साथ प्लॉटों तक पहुंचने के लिए बनाई गई इंटरलॉकिंग भी ध्वस्त करा दी गई।
सड़क और बाउंड्री बनाकर तैयार हो रही थी प्लाटिंग
आजाद मार्ग हाईवे किनारे स्थित जमीन पर प्लाटिंग के लिए काफी काम किया जा चुका था। जमीन को अलग-अलग हिस्सों में बांटने के साथ बाउंड्रीवाल खड़ी की गई थी। लोगों की आवाजाही के लिए इंटरलॉकिंग का रास्ता भी तैयार किया जा रहा था। देखने में पूरा क्षेत्र कॉलोनी के रूप में विकसित होता नजर आ रहा था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे विकास प्राधिकरण की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। मौके की जांच में प्लाटिंग के लिए जरूरी मानचित्र और ले-आउट स्वीकृत नहीं पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने निर्माण को अवैध मानते हुए ध्वस्तीकरण शुरू करा दिया।
जेसीबी पहुंचते ही जमा हो गई भीड़
जेसीबी से पहले बाउंड्रीवाल गिराई गई। इसके बाद इंटरलॉकिंग को भी तोड़कर हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर किसी तरह की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।कार्रवाई विकास प्राधिकरण के सचिव एवं सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई। विकास प्राधिकरण के जेई कमल दीप समेत अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने चिन्हित हिस्से में किए गए निर्माण को ध्वस्त कराया।
आठ बीघे में बिना मंजूरी काटे जा रहे थे प्लॉट
प्राधिकरण के मुताबिक गंगा विहार कॉलोनी, आटा बंथर कड़ेर पतारी, आजाद मार्ग में करीब आठ बीघे जमीन पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाटिंग की जा रही थी। नियमानुसार किसी क्षेत्र में कॉलोनी विकसित करने और प्लॉट काटने से पहले संबंधित विकास प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृतियां लेना जरूरी है। इन औपचारिकताओं के बिना निर्माण और प्लाटिंग किए जाने पर कार्रवाई की गई।
प्लॉट खरीदने से पहले कागज जरूर जांचें
कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने लोगों को भी सावधान किया है। किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले केवल सड़क और बाउंड्री देखकर फैसला न करें। संबंधित विकास प्राधिकरण से यह जरूर पता करें कि कॉलोनी का ले-आउट और मानचित्र स्वीकृत है या नहीं। जमीन के दस्तावेजों की भी जांच कराना जरूरी है। अधिकारियों के अनुसार उन्नाव और शुक्लागंज क्षेत्र में बिना मानचित्र और ले-आउट स्वीकृत कराए विकसित की जा रही प्लाटिंग को चिह्नित किया जा रहा है। नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
आठ बीघे में चल रही प्लाटिंग पर जेसीबी चलने के बाद अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों में खलबली मच गई है। प्राधिकरण ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसी प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन