Wed 26 Aug 2026

ब्रेकिंग

हज़रत मुहम्मद पूरी दुनिया के लिए करुणा और मानवता की मिसाल थे। वर्क संस्था की स्थापना के 39 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण ब्यू

नेताओं ने दिया अमन-चैन का संदेश

मलबे में दबकर बाबा और इकलौते पोते की मौत

अंकित परिहार ने गांव की बेटी को आगे बढ़ाने का किया प्रयास

गरीबों और राहगीरों को बांटे फल

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

बारिश में टूटा घर, उजड़ गया परिवार : मलबे में दबकर बाबा और इकलौते पोते की मौत

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Aug 26, 2026
Post views : 12

सुबह छत की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा, ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को निकाला बाहर; परिवार में पसरा मातम

उन्नाव। बारिश से कमजोर हो चुके कच्चे मकान की मरम्मत परिवार के लिए काल बन गई। बुधवार सुबह करीब नौ बजे छत को ठीक करने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से 65 वर्षीय हंसराम और उनके आठ साल के पोते आयु की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी देर तक मलबा हटाकर दोनों को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मामला मगरवारा चौकी क्षेत्र के मसवासी गांव का है। मंगलवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। बुधवार सुबह भी मौसम खराब था। इसी बीच हंसराम के मकान की छत को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया था। परिवार के लोग घर की मरम्मत में जुटे थे, तभी अचानक मकान का हिस्सा ढह गया। तेज आवाज के साथ मलबा गिरने से हंसराम और उनका आठ वर्षीय पोता आयु उसके नीचे दब गए। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। किसी ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी तो कई लोग हाथों से ही मलबा हटाने में जुट गए। बारिश के बीच ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। एक साथ दो मौतों से गांव का माहौल गमगीन हो गया।

पिता का सहारा और बेटे की उम्मीद दोनों छिने

हादसे ने परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। हंसराम के तीन बेटे हैं। हादसे में जान गंवाने वाला आयु उनके बेटे भीम का इकलौता बेटा था। उसकी दो बेटियां भी हैं, लेकिन परिवार में आयु ही इकलौता बेटा था। कुछ ही पलों में भीम ने अपने पिता और बेटे दोनों को खो दिया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।परिजन दोनों शवों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां भी काफी देर तक चीख-पुकार का माहौल रहा। गांव के लोगों का कहना था कि सुबह तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर में एक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच

हादसे की सूचना पर मगरवारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मकान की स्थिति देखी और हादसे के समय वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। कच्चे मकान के गिरने की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि मसवासी गांव में कच्चा मकान गिरने से हादसा हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बारिश ने बढ़ाई कच्चे मकानों की चिंता

लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों की हालत को लेकर ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में ऐसे मकानों का सर्वे कराने और कमजोर मकानों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ऐसे मकानों को चिह्नित कर लिया जाए तो बारिश के दौरान होने वाले हादसों को रोका जा सकता है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन