आवाज में मिठास, कदमों में रफ्तार : संगीत महासंग्राम-9 के ऑडिशन में चमकीं नई प्रतिभाएं
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Aug 23, 2026
लखनऊ से लेकर उन्नाव तक के प्रतिभागियों ने लिया ऑडिशन में हिस्सा, 48 को मिला दोबारा मौका
उन्नाव। कॉलेज रोड स्थित सोल ऑफ डांस एकेडमी रविवार को सुरों और कदमों की ताल से गुलजार रही। मौका था इंडियन इवेंट सॉल्यूशन्स की ओर से आयोजित संगीत महासंग्राम सीजन-9 के पहले ऑडिशन का। उन्नाव समेत दूसरे जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने सिंगिंग, डांसिंग और मॉडलिंग में अपनी प्रतिभा दिखाई। किसी ने अपनी आवाज से निर्णायकों को प्रभावित किया तो किसी ने डांस की अलग-अलग स्टाइल से मंच पर रंग जमा दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति महाराज और मां सरस्वती के पूजन से हुई। मुख्य संरक्षिका समाजसेविका निम्मी अरोड़ा, संस्थापक डॉ. मनीष सिंह सेंगर, डांसिंग जज एवं मॉडल दीक्षा श्रीवास्तव, इवेंट डायरेक्टर राहुल कश्यप और एकेडमी संचालिका कामना तोलानी ने पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रतिभाओं को मंच देना ही मकसद : निम्मी अरोड़ा
मुख्य संरक्षिका निम्मी अरोड़ा ने कहा कि संगीत महासंग्राम सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का मंच है। पिछले वर्षों में इस मंच से कई प्रतिभाएं निकलकर फिल्म, टीवी और संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी हैं। हमारा प्रयास है कि छोटे शहरों और जिलों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिले और वे अपनी कला को बड़े मंच तक पहुंचा सकें।
पुराने मंच की नई तलाश
संस्थापक डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने बताया कि संगीत महासंग्राम की शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी। पहले सीजन में उन्नाव के गायक विशाल मिश्रा जूनियर वर्ग के विजेता बने थे, जबकि सीनियर वर्ग में वोमेनिया बैंड की डायरेक्टर स्वाती सिंह ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य लगातार नई प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
गजल से 'लग जा गले' तक बिखरे सुर
ऑडिशन में लखनऊ से पहुंचे उत्कर्ष राज गुप्ता ने गजल और मोहम्मद रफी का गीत प्रस्तुत कर अपनी गायकी का हुनर दिखाया। उन्नाव की ब्लेसिंग वर्मा ने लता मंगेशकर का गीत 'लग जा गले' सुनाकर निर्णायकों का ध्यान खींचा और फिनाले का टिकट हासिल किया। डांस के जूनियर वर्ग में आकृति शर्मा, मेहर तोलानी, दिवा मिश्रा और कौशिकी ने शानदार प्रस्तुति देकर फिनाले में जगह बनाई। सीनियर वर्ग में कात्यायनी ने मिक्स्ड बेली डांस, वैष्णवी ने वेस्टर्न डांस और लकी राठौर ने बॉलीवुड स्टाइल में प्रस्तुति देकर फाइनल शो के लिए क्वालीफाई किया।
48 प्रतिभागियों को फिर मिलेगा मौका
ऑडिशन में करीब 48 प्रतिभागियों को अगले राउंड में दोबारा मौका देने की घोषणा की गई। इससे उन प्रतिभागियों को राहत मिली, जो पहले ऑडिशन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे। आयोजन समिति ने उन्हें अपनी तैयारी बेहतर कर अगले राउंड में फिर से प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है। इवेंट डायरेक्टर राहुल कश्यप ने बताया कि सीजन-9 में कई जिलों से प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। सिंगिंग, डांसिंग और मॉडलिंग के जरिए प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने अतिथियों और निर्णायकों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ. अभिषेक मिश्रा, कशिश क्राउन के डायरेक्टर, विभोर ग्रुप से समाजसेवी वेद प्रकाश साहू, कर्मक्रांति फाउंडेशन के संस्थापक चेतन मिश्रा, पैरा क्रिकेट खिलाड़ी तन्मय श्रीवास्तव, डांस कोरियोग्राफर महेंद्र सिंह, प्रिया शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन