Mon 14 Sep 2026

ब्रेकिंग

गणपति को नमन कर लिया आशीर्वाद

मजदूर की डूबकर मौत

खुला नौकरी के नाम पर ठगी का मामला

पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

मदद के साथ बढ़ाया लोगों का भरोसा

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

जूना अखाड़े के स्वामी ने रुकवाई मवेशियों से भरी गाड़ियां : सप्लायरों की भूमिका भी जांच के घेरे में

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Fri, Jul 10, 2026
Post views : 179

31 मवेशियों के साथ पांच गाड़ियां पुलिस ने कब्जे में लीं, परिवहन के दस्तावेजों की पड़ताल शुरू

उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार दोपहर मवेशियों से भरे पांच वाहनों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। गुजरात के जूना अखाड़े के स्वामी श्री 1008 चंद्रानंदन गिरी ने गदनखेड़ा बाईपास के पास वाहनों को रुकवाकर मवेशियों के परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे। चालकों की ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर विवाद बढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर ललऊखेड़ा चौकी भिजवा दिया। अब केवल चालकों ही नहीं, बल्कि मवेशियों की ढुलाई कराने वाले सप्लायरों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। जानकारी के मुताबिक, स्वामी चंद्रानंदन गिरी अपने सेवकों के साथ लखनऊ जा रहे थे। गदनखेड़ा बाईपास के पास उन्हें अलग-अलग पांच वाहन खड़े दिखाई दिए, जिनमें बड़ी संख्या में मवेशी लदे थे। उनके साथ मौजूद बृजवासी गौ रक्षक सेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष और गंगाघाट क्षेत्र के कनिकामऊ निवासी दुर्गेश पांडेय ने चालकों से मवेशियों के परिवहन की जानकारी और कागजात मांगे। आरोप है कि चालक स्पष्ट जवाब नहीं दे सके और इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच मवेशियों की ढुलाई कराने वाला सप्लायर भी वहां पहुंच गया, जिसके बाद माहौल और गरमा गया। कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम जैसे हालात बने रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर वाहनों को सड़क किनारे कराया और सभी गाड़ियों को कब्जे में लेकर ललऊखेड़ा चौकी भेज दिया।

पांच वाहनों में मिले 31 मवेशी

पुलिस की गिनती में एक वाहन में दो, दूसरे में तीन, तीसरे में सात, चौथे में दो और पांचवें कंटेनर में 17 मवेशी मिले। इनमें भैंस और पड़वा शामिल हैं। पुलिस ने सभी मवेशियों और वाहनों का विवरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भूसे की तरह भरकर ढुलाई पर उठे सवाल

मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि कई वाहनों में मवेशियों को बेहद कम जगह में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पशु कल्याण से जुड़े लोगों का आरोप है कि कुछ सप्लायर अधिक मुनाफे के लिए वाहनों में क्षमता से ज्यादा मवेशी भर देते हैं। इससे परिवहन नियमों के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा और उनके साथ मानवीय व्यवहार पर भी सवाल खड़े होते हैं।

परमिट से लेकर स्वास्थ्य प्रमाणपत्र तक की होगी जांच

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि मवेशियों के परिवहन के लिए आवश्यक वैध परमिट, पशु स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेख और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि परिवहन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं। यदि जांच में कोई अनियमितता सामने आती है तो चालक के साथ-साथ संबंधित सप्लायरों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दही के स्लाटर हाउस ले जाए जा रहे थे मवेशी

प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि मवेशियों को आगरा से दही औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्लाटर हाउस ले जाया जा रहा था। पुलिस पूरे परिवहन नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

तहरीर देकर कार्रवाई की मांग

बृजवासी गौ रक्षक सेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि बिना पूरे दस्तावेजों के मवेशियों का परिवहन किया जा रहा था।

परिवहन के कागजातों की जांच, कार्रवाई तय

सीओ सिटी विनी सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। सभी वाहनों के दस्तावेज, मवेशियों के परिवहन संबंधी अभिलेख और अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन