Mon 14 Sep 2026

ब्रेकिंग

पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

मदद के साथ बढ़ाया लोगों का भरोसा

मांगने पर घर में घुसकर पीटा

मेयर विनोद अग्रवाल ने बताया कि अभियान में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ज़ोर

बाजार गंज में गणपति चौक पर विराजमान हुए भगवान श्री गणेश, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

50 किमी तक गूंजा हर-हर महादेव : विधायक की अगुवाई में परियर से बड़े चौराहे तक शिव शोभायात्रा

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Tue, Aug 11, 2026
Post views : 124

रास्तेभर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; भव्य प्रतिमा की हुई स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा

उन्नाव। मासिक शिवरात्रि के मौके पर मंगलवार को उन्नाव का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया। सदर विधायक पंकज गुप्ता के संयोजन में परियर स्थित पौराणिक बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर से निकली विशाल शिव शोभायात्रा शहर के बड़े चौराहे तक पहुंची। करीब 50 किलोमीटर लंबे रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। कहीं पुष्पवर्षा हुई तो कहीं शिवभक्तों के लिए प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की गई। यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल रहे और पूरा रास्ता हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।

सुबह परियर से शुरू हुआ सफर

शोभायात्रा की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे परियर के बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर से हुई। खुले वाहन पर भगवान भोलेनाथ की भव्य प्रतिमा सजाई गई थी। इसके साथ विभिन्न देवी-देवताओं की करीब दर्जनभर झांकियां भी यात्रा में शामिल रहीं। भगवा ध्वजों से सजे वाहनों और झांकियों के साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त पैदल और वाहनों से यात्रा में चलते रहे। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। ग्रामीण इलाकों में लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े होकर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर भगवान शिव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

पिंडोखा में विधायक ने खुद संभाली प्रसाद की व्यवस्था

परियर से आगे बढ़ी यात्रा जब ग्राम पिंडोखा पहुंची तो यहां सदर विधायक पंकज गुप्ता ने स्वयं प्रसाद वितरण किया। उन्होंने ग्रामीणों और शोभायात्रा में शामिल शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। विधायक की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह दिखाई दिया। शंकरपुर सराय में क्षेत्रवासियों की ओर से शिवभक्तों के लिए प्रसाद वितरण किया गया। यहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग यात्रा के स्वागत के लिए मौजूद रहे।

गांवों से गुजरती हुई शहर की ओर बढ़ी यात्रा

शिव शोभायात्रा परियर से निकलकर बहरौला, बसंधना, हाजीपुर, फतेहपुर, लंगड़ा, लालूपुर, सनी, शंकरपुर सराय, पिपरी, बनी, पिंडोखा, देवरा कला, देवरा खुर्द, सहजनी, शुक्लागंज, मगरवारा और मसवासी होते हुए उन्नाव शहर पहुंची। लक्ष्मी टॉकीज, अचलगंज तिराहा और छोटा चौराहा होते हुए शोभायात्रा बड़े चौराहे पर पहुंची। यात्रा के शहर में प्रवेश करते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसके स्वागत के लिए सड़क किनारे जमा हो गए।

शहर में पहुंचते ही छतों से बरसे फूल

शोभायात्रा के उन्नाव शहर में प्रवेश करते ही स्वागत का सिलसिला और तेज हो गया। घरों की छतों, दुकानों और सड़क किनारे खड़े लोगों ने फूल बरसाकर शिवभक्तों का स्वागत किया। कई स्थानों पर ड्रोन से भी पुष्पवर्षा की गई। मंदिरों के आसपास महिलाओं की टोलियां आरती की थाल सजाकर खड़ी रहीं। शंख, डमरू और डीजे की धुन के बीच हर-हर महादेव के जयकारे लगातार सुनाई देते रहे। कुछ जगहों पर बच्चों और बुजुर्गों ने भी सड़क किनारे खड़े होकर यात्रा देखी।

रथ, वाहन और संतों की टोली बनी आकर्षण

शोभायात्रा में डीजे रथ और डीसीएम रथ के साथ करीब 40 ट्रैक्टर व 200 चार पहिया वाहन शामिल रहे। युवाओं की बाइक टोली भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा के साथ चलती रही। वहीं अघोरी और नागा साधुओं के साथ संतों की टोलियों ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ा दी। शंखनाद, डमरुओं की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच साधुओं की मौजूदगी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनी रही।

झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान

शोभायात्रा में शामिल देवी-देवताओं की 20 भव्य झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। अलग-अलग रथों पर सजी झांकियों के साथ भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे। डीजे और भक्ति गीतों के बीच लगातार भगवान शिव के जयकारे लगते रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सड़क किनारे खड़े होकर झांकियां देखते नजर आए। यात्रा में शामिल शिव प्रतिमा के दर्शन और माल्यार्पण के लिए भी लोगों में उत्साह रहा।

बड़े चौराहे पर हुई प्रतिमा की स्थापना

शोभायात्रा के बड़े चौराहे पहुंचने के बाद यहां भगवान भोलेनाथ की भव्य प्रतिमा की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। आयोजन के दौरान धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते रहे। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद व पानी आदि की व्यवस्था की।

विधायक बोले, आस्था का बड़ा अवसर

सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि भगवान शिव की प्रतिमा की स्थापना उन्नाव के लिए आस्था और श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों को एक साथ आने और अपनी संस्कृति व परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने शिवभक्तों और स्थानीय लोगों का आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

शोभायात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, बिछिया ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता, विमल द्विवेदी, निशानाथ पांडे, ब्रजेश पांडेय, सूर्यांश गुप्ता, प्रदीप सिंह, पवन सिंह, प्रियंका शुक्ला, मंजूलता अवस्थी, अमित मिश्रा, प्रांजुल गुप्ता, मनीष सिंह सेंगर, लक्ष्य निगम, अंकित सोनी, निखिल गुप्ता, सुरेंद्र वर्मा और सरदार जसमीत सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। नगर की यात्रा में अभियान संयोजक नवीन सिंह, यात्रा संयोजक अनिल कुशवाहा, सुशील तिवारी, रजत शुक्ला, अवनीश गुप्ता, संतु पाल और नीरज शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्राम स्तर पर प्रधान सनी, सुभाष प्रधान लोधी, ओमप्रकाश, रणजीत राजपूत, सनोज कुमार, विपिन कुमार, सर्वेश कुमार, रतीभान कुमार, शेष अग्निहोत्री, योगेश शर्मा और जयप्रकाश कोटेदार सहित अन्य लोग व्यवस्था में जुटे रहे। खास बात यह रही कि परियर से शुरू हुई यात्रा ने ग्रामीण क्षेत्र से लेकर उन्नाव शहर तक लोगों को एक साथ जोड़ा। करीब 50 किलोमीटर के सफर में जगह-जगह उमड़ी भीड़ और स्वागत से यात्रा का माहौल उत्सव जैसा बना रहा।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन