Wed 04 Nov 2026

ब्रेकिंग

टावर की बाउंड्रीवाल में सज रही थी जुए की फड़, सात गिरफ्तार

चार लाख रुपये भी ले गए चोर

लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने लखनऊ पहुंचे प्रवीण भानु

विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचे कार्यकर्ता

लोकतंत्र के मुद्दे पर भरी हुंकार

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

पुलिस की दबिश : टावर की बाउंड्रीवाल में सज रही थी जुए की फड़, सात गिरफ्तार

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Nov 4, 2026
Post views : 25

शहर से गांव तक कथित बुकी नेटवर्क की चर्चा, बड़े ठिकानों पर कार्रवाई का इंतजार

उन्नाव। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के जोगीकोट गांव में बीती रात को टावर की बाउंड्रीवाल के अंदर जुआ खेल रहे सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 5,520 रुपये की फड़ और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी में 1,710 रुपये मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को उपनिरीक्षक नरेंद्र प्रताप पुलिस टीम के साथ बिनावर-संडीला अंडरपास पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने ग्राम जोगीकोट में टावर की बाउंड्रीवाल के अंदर कुछ लोगों के ताश के पत्तों से रुपये की बाजी लगाकर जुआ खेलने की सूचना दी। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जोगीकोट निवासी विजय कुमार, अकील, ननकू, आसार, नीरज, अखिलेश कुमार और गोवर्धन के रूप में हुई। पुलिस को मौके पर फड़ से 5,520 रुपये और 52 ताश के पत्ते मिले। वहीं, तलाशी के दौरान सातों के पास से अलग-अलग रकम बरामद हुई। पुलिस ने बरामदगी को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम तहत कार्रवाई की है।

छोटी फड़ों पर छापे, बड़े पर चुप्पी

जनपद में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की छापेमारी का सिलसिला जारी है। हाल ही में असोहा क्षेत्र के कालूखेड़ा में पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई, जबकि बेहटा मुजावर के जोगीकोट में सात जुआरी पकड़े गए। इन कार्रवाइयों के बीच जिले के अलग-अलग इलाकों में बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की चर्चाएं भी लगातार सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच लाखों रुपये के दांव लगवाने वाली फड़ों और उनके संचालकों को लेकर चर्चाएं हैं। हालांकि, इन बड़े ठिकानों पर कार्रवाई को लेकर अब तक कोई बड़ी पुलिस कार्रवाई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। छोटे स्तर पर जुआ खेलते पकड़े जा रहे लोगों के बीच बड़े नेटवर्क को लेकर बनी चर्चाएं भी चर्चा का विषय हैं।

अधिकारियों के कार्यालयों वाले क्षेत्र में भी जुए की चर्चा

जिले के आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों वाला सदर कोतवाली क्षेत्र भी कथित बुकी जुए के संचालन की चर्चाओं से अछूता नहीं है। लोकनगर रेलवे क्रॉसिंग, रहमान फैक्ट्री के पास, चौरा बाजार और करोवन समेत कई स्थानों पर जुए की फड़ संचालित होने की चर्चाएं हैं। कहीं पेड़ के नीचे पीला तिरपाल बिछाकर बड़े दांव लगाए जाने की बात कही जाती है तो कहीं ठिकाने बदलकर गतिविधियां संचालित होने की चर्चा है। हाल ही में शहर के कहारों का अड्डा स्थित माली वाली गली में कथित बुकी जुए से जुड़ी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। हालांकि, इन तस्वीरों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन स्थानों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं बनी हुई हैं।

बाहरी जुआरियों की पसंद उन्नाव, सुरक्षा भी चुनौती

उन्नाव के गंगाघाट, माखी क्षेत्र के रुपऊ गांव के आसपास जंगलों, सफीपुर और बीघापुर क्षेत्र में भी जुए की फड़ संचालित होने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इन स्थानों पर कानपुर, फतेहपुर और रायबरेली समेत आसपास के जिलों से भी जुआरी पहुंचते हैं। कुछ चर्चाओं में आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की आवाजाही का भी जिक्र होता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। दूसरी ओर त्योहार का सीजन होने से बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में चोरी, टप्पेबाजी और जेब कटने जैसी घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। बाहरी लोगों की आवाजाही वाले इलाकों में पुलिस की निगरानी और गश्त की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन