देशभर के प्रतिनिधियों को दामाखेड़ा बुलावा : राष्ट्रीय कार्यशाला में जुटेंगे कबीर पंथी
Sat, Jun 6, 2026
दामाखेड़ा में 7 से 11 जून तक आयोजन, यूपी के प्रतिनिधि 11 जून को होंगे शामिल
उन्नाव। कबीर पंथ के प्रमुख तीर्थस्थल कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा (छत्तीसगढ़) में 7 से 11 जून तक राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। सदगुरु कबीर धर्मदास साहेब वंशावली मिशन (एसकेडीवी मिशन) के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधियों के लिए 11 जून की तिथि निर्धारित की गई है। शहर के सदगुरु कबीर मंदिर ज्ञान वाटिका आश्रम में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य प्रतिनिधि महंत राजकुमार दास साहेब ने कार्यशाला की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन का मुख्य उद्देश्य "जीव दया और आत्म पूजा" के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए कार्यशाला आयोजित की जा रही है। महंत राजकुमार दास ने कहा कि बसंत पंचमी 2026 को पंथ श्री हुजूर उदितमुनि नाम साहेब का कबीर पंथ के 16वें संवाहक के रूप में चादर तिलक हुआ था। उन्होंने बताया कि गद्दीनशीं होने से पहले ही पंथ श्री कबीर नवोदय पदयात्रा के माध्यम से देशभर में भ्रमण कर कबीर पंथियों और आमजन से संवाद करते रहे हैं। यह यात्रा वर्तमान में भी जारी है और जल्द ही उत्तर प्रदेश में भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंथ श्री का संकल्प देश के प्रत्येक कबीर पंथी तक पहुंचकर उनका मार्गदर्शन करने का है। बैठक में कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। बैठक में राज्य उपप्रतिनिधि राजेश (नोएडा), जिला प्रतिनिधि महंत चक्रमणि दास साहेब, युवा प्रतिनिधि अरुण कुमार, जिला परोपकारी महंत सुभाष चंद्र दास साहेब, समाजसेवी डॉ. मनीष सिंह सेंगर, राहुल कश्यप सहित कई साधु-संत एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान : पुलिस जांच में जुटी
Sat, Jun 6, 2026
अचलगंज क्षेत्र के लोहचा मोड़ गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के लोहचा मोड़ गांव में शनिवार को एक किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। घर के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी गंगा राम की 16 वर्षीय पुत्री खुशी घर के अंदर फंदे से लटकी मिली। परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि खुशी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और पढ़ाई कर रही थी। उसकी अचानक मौत से परिवार के लोग बदहवास हैं। परिजन फिलहाल घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके हैं। सूचना मिलने पर अचलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन किशोरी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
वीडियो वायरल : सड़क निर्माण की मांग को लेकर ईओ कार्यालय में दंडवत लेट गए सभासद
Fri, Jun 5, 2026
चार माह से सड़क न बनने का आरोप, बोले- जनता की समस्या सुनने वाला कोई नहीं
उन्नाव। बांगरमऊ नगर पालिका में सड़क निर्माण को लेकर एक सभासद का अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। अपने वार्ड में सड़क निर्माण न होने से नाराज सभासद हरिओम तिवारी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) गूंजन गुप्ता के कार्यालय पहुंचे और सड़क बनवाने की मांग को लेकर पहले हाथ जोड़कर गुहार लगाई। इसके बाद उन्होंने कार्यालय में ही दंडवत होकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सभासद हरिओम तिवारी का आरोप है कि उनके वार्ड में सड़क निर्माण का कार्य पिछले करीब चार माह से लंबित पड़ा है। कई बार अधिकारियों से शिकायत और अनुरोध किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। इसका खामियाजा वार्ड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब है। राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान हालात और खराब हो जाएंगे। सभासद के अनुसार, क्षेत्र की जनता लगातार उनसे सड़क बनवाने की मांग कर रही है। जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने कई बार नगर पालिका प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उन्हें विरोध का यह तरीका अपनाना पड़ा। ईओ कार्यालय में दंडवत होकर विरोध जताते हुए सभासद ने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों की बात तक नहीं सुनी जा रही है तो आम लोगों की समस्याओं का समाधान कैसे होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका में विकास कार्यों को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। सभासद ने नगर पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। उनका कहना है कि कई विकास कार्य बिना वजह लंबित रखे जा रहे हैं, जिससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक निर्वाचित सभासद को अपनी मांग मनवाने के लिए इस तरह का कदम उठाना पड़ रहा है तो आम नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि सभासद द्वारा लगाए गए आरोपों पर नगर पालिका प्रशासन की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी।