: शहर के विकास कार्यों में दो नई सड़कों का हुआ लोकार्पण
Wed, Sep 17, 2025
लोकार्पण कार्यक्रम में सभासदों और क्षेत्रवासियों की रही बड़ी भागीदारी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में नवनिर्मित सड़कों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू ने सोमवार को वार्ड संख्या 20 तालिब सराय और वार्ड संख्या 32 गद्दियाना में इंटरलॉकिंग सड़कों का शुभारंभ किया।
वार्ड संख्या 20 तालिब सराय के सभासद फ़हद सिद्दीकी के आग्रह पर, मोहम्मद इस्माइल के घर वाली गली से लेकर करबला होते हुए शफ़ीक़ अहमद के घर तक नवनिर्मित इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण किया गया। वहीं वार्ड संख्या 30 गद्दियाना में सभासद मेराजुद्दीन के विशेष आग्रह पर धवन रोड मार्केट को जोड़ने वाली हक प्लाजा से बिलाल बांस-बल्ली की दुकान तक बनी सड़क का लोकार्पण भी किया गया।
इस मौके पर तालिब सराय के सभासद फ़हद सिद्दीकी, गद्दियाना सभासद मेराजुद्दीन, गांधी नगर सभासद दीपक दीक्षित मोनू, सुनील तिवारी, कुलदीप चौहान समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू ने कहा कि शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका लगातार काम कर रही है। जनता की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभासदों के सहयोग और जनता के समर्थन से शहर का विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
: स्वच्छता ही सेवा अभियान में नगर पालिका ने जगाई जागरूकता
Wed, Sep 17, 2025
जनभागीदारी से ही सफल होगा स्वच्छ भारत का सपना : प्रवीण भानू मिश्रा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चल रहे “स्वच्छतोत्सव – स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद उन्नाव ने विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्वेता भानू मिश्रा के नेतृत्व में पूरे नगर क्षेत्र में साफ-सफाई के साथ जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, सभासद, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। बस स्टैंड और मुख्य बाजार जैसे प्रमुख स्थानों पर सभी ने मिलकर झाड़ू लगाई और गंदगी हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस मौके पर लोगों को डस्टबिन भी बांटे गए, ताकि वे घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को खुले में फेंकने के बजाय उसमें डालें।
अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन में स्वच्छता को सर्वोच्च महत्व दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “स्वच्छ भारत” का सपना हर नागरिक के सामने रखा है। नगर पालिका का यह अभियान उसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या पालिका की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
भाजपा नेता प्रवीण भानू मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता आंदोलन एक जनांदोलन के रूप में खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्नाव में भी यह अभियान जनता की भागीदारी से ही सफल होगा। हर नागरिक को संकल्प लेना चाहिए कि वह न सिर्फ अपने घर बल्कि आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने में योगदान देगा।
नगर पालिका के अधिकारियों ने भी लोगों से अपील की कि वे गंदगी फैलाने से बचें और अपने घर, मोहल्ले और बाजार को साफ रखने में सहयोग दें। अभियान में शामिल बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोगों को जागरूक करने के लिए नारे लगाए।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, नगर पालिका लोगों को पॉलिथीन का प्रयोग न करने और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने के लिए जागरूक करेगी।
: प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद पार्क में चला स्वच्छता अभियान
Wed, Sep 17, 2025
सांसद और विधायकों ने झाड़ू लगाकर दिया संदेश
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को बदरका स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्मारक स्थल पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
सांसद साक्षी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता और भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला ने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। नेताओं ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि इसे हर नागरिक को अपनी आदत बनाना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाना समाज के लिए मार्गदर्शक है।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष मनीष जायसवाल, नगर मंडल अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बालाराव गुप्ता, समाजसेवी विमल द्विवेदी और श्रीकृष्ण वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्क परिसर में कार्यकर्ताओं ने फूल-पत्तियों और कचरे की सफाई की। इसके बाद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। मौके पर वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास की सफाई के लिए जिम्मेदारी लें और लोगों को जागरूक करें।
स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे अभियान से समाज में स्वच्छता की भावना मजबूत होगी और आने वाली पीढ़ियों को साफ-सुथरा वातावरण मिलेगा।