: शहर की घनी बस्ती में कबाड़ी तार जलाकर फैला रहे ज़हर
Tue, Sep 16, 2025
नगर पालिका, प्रदूषण विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। शहर की घनी आबादी वाले एबी नगर मोहम्मदिया मस्जिद नाला रोड क्षेत्र के लोग इन दिनों जहरीले धुएं से बेहाल हैं। एबी नगर इलाके में अवैध रूप से कबाड़ का काम चल रहा है। कबाड़ का काम करने वाले लोग आए दिन बिजली के तार और प्लास्टिक सामग्री जलाकर तांबा निकालने का काम कर रहे हैं। इससे उठने वाला जहरीला धुआं पूरे इलाके में फैल जाता है और घरों के अंदर तक पहुंचकर लोगों का जीना मुश्किल कर देता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। कई लोग सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और खांसी जैसी शिकायतों से जूझ रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक लंबे समय तक ऐसे धुएं के संपर्क में रहना गंभीर फेफड़ों की बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकता है।
प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि तार और कचरा जलाने पर नगर पालिका की ओर से जुर्माने का प्रावधान है, इसके बावजूद खुलेआम यह धंधा चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि न तो नगर पालिका और न ही प्रदूषण विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। धुआं इतना घना होता है कि खिड़की-दरवाजे बंद करने के बाद भी वह घरों में घुस जाता है। महिलाएं और बच्चे पूरे दिन धुएं में रहने को मजबूर हैं।
[video width="720" height="1280" mp4="https://thelucknowtimes.in/wp-content/uploads/2025/09/VID-20250916-WA0032.mp4"][/video]
बड़ा सवाल
लोग पूछ रहे हैं कि आखिर प्रशासन और प्रदूषण विभाग की नज़र इस गंदे धंधे पर क्यों नहीं पड़ती। नगर पालिका नियम के मुताबिक कूड़ा या तार जलाने पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन हकीकत यह है कि जहरीले धुएं से पूरा मोहल्ला हलकान है और जिम्मेदार विभाग चुप्पी साधे बैठे हैं।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि तुरंत छापेमारी कर इस खतरनाक काम को रोका जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
: सड़क हादसे में महिला की मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
Mon, Sep 15, 2025
लखनऊ-कानपुर हाइवे पर दही थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर दही थाना क्षेत्र के हंस धर्म कांटे के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रही महिलाओं और युवकों को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मृतका की पहचान शहर के कैथियाना मोहल्ला निवासी ज्योति श्रीवास्तव (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह चौधरी ओवरसीज में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि ज्योति अपनी सहकर्मी महिला के साथ सड़क पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे में घायल महिला की पहचान रानी सिंह पत्नी शिव बहादुर (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी
ए.बी
. नगर कोतवाली सदर के रूप में हुई है। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रमेश (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी नवाबगंज अजगैन और कृष्णा (उम्र लगभग 20 वर्ष), निवासी नवाबगंज अजगैन शामिल हैं। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। दही थाना प्रभारी अवनीश सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
: नगर पंचायत मौरावां में भ्रष्टाचार के आरोप, सभासदों ने अध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा
Mon, Sep 15, 2025
डीएम गौरांग राठी ने दिए जांच के आदेश
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। नगर पंचायत मौरावां में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को नगर पंचायत के कई सभासदों ने अध्यक्ष विवेक सेठ के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया। सभासदों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और डीएम गौरांग राठी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
11 बिंदुओं पर जांच की मांग
सभासदों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि अध्यक्ष के कार्यकाल में विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं की गई हैं। कई जगह अधूरे कामों को पूरा दिखाकर ठेकेदारों को भुगतान कर दिया गया। कार्यों की गुणवत्ता बेहद खराब है और ठेकेदारों से मिलीभगत कर नगर पंचायत के धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने अध्यक्ष को पद से हटाने और सभी गड़बड़ियों की जांच 11 बिंदुओं पर कराने की मांग की है।
धमकाने का भी आरोप
सभासदों का कहना है कि जब वे इन अनियमितताओं पर सवाल उठाते हैं, तो अध्यक्ष उन्हें धमकाते हैं। इससे पंचायत की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है और पारदर्शिता खत्म होती जा रही है।
डीएम ने दिए जांच के आदेश
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।