भीषण हादसा : एक्सप्रेस-वे पर मौत बनकर पलटी डबल डेकर बस, दरोगा और कैदी समेत 7 की जान गई
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, May 26, 2026
रेलिंग पर अटकी बस से नीचे गिरे यात्री, कई घायल लखनऊ रेफर

उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस औरास थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पर लटक गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब पांच बजे किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज गति में थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ा और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का एक हिस्सा रेलिंग से बाहर लटक गया। कई यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे। हादसे में एक यात्री का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और राहत टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल पास के अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में मरने वालों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सीवान पुलिस की टीम कैदी को पेशी के लिए गुरुग्राम लेकर गई थी और वापसी में यह हादसा हो गया। बस में पुलिस टीम भी सवार थी। हादसे में तीन पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है। पुलिस का मानना है कि चालक को नींद आने से बस अनियंत्रित हुई। हालांकि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बस में करीब 30 यात्री सवार बताए गए हैं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाया और रास्ता सामान्य कराया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चार मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना देने की कोशिश की जा रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन