Tue 23 Jun 2026

ब्रेकिंग

जीआरपी जवान ने कंधे पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल

महापौर ने आश्वस्त किया किसी भी वैध खोखा धारक को नहीं हटाया जाएगा

16 किलोमीटर तक नहीं मिला सीसीटीवी, फिर भी पुलिस ने खोला लूटकांड का राज; तीन बदमाश गिरफ्तार

रवि चौधरी को सौंपा ज्ञापन, बोले- ई-पंजीकरण से छिनेगा रोजगार; ओपी राजभर से दखल की मांग

फिल्मी सितारों ने किया चेंजओवर,5 मिनट ठहराव के बाद चॉपर से मुरादाबाद रवाना

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

जिला अस्पताल पहुंचीं अपर्णा यादव : अल्ट्रासाउंड में लंबी वेटिंग पर जताई नाराजगी

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, May 7, 2026
Post views : 345

महिला आयोग उपाध्यक्ष बोलीं, मरीजों को मजबूरी में प्राइवेट सेंटर न जाना पड़े, इसके लिए बढ़ाई जाए मशीनें और विशेषज्ञ

उन्नाव। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने गुरुवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं, इलाज की व्यवस्था, साफ-सफाई और जांच सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ा मुद्दा अल्ट्रासाउंड जांच में हो रही देरी का सामने आया, जिस पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जवाब तलब किया। निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि कई मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 15 से 20 दिन बाद की तारीख दी जा रही है। इस पर अपर्णा यादव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को इतनी लंबी प्रतीक्षा करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह की शिकायतें उनके संज्ञान में आई थीं और उस समय भी निर्देश दिए गए थे कि महिलाओं को अनावश्यक रूप से लंबी तारीखें न दी जाएं। उन्होंने कहा कि कई बार जांच में देरी होने के कारण मरीज मजबूरी में निजी डायग्नोस्टिक सेंटर का रुख करते हैं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मामले की विशेष जांच भी कराई गई थी। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी अस्पतालों में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि मरीजों को बाहर न जाना पड़े। अपर्णा यादव ने माना कि जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि अल्ट्रासाउंड मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सीमित है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर अतिरिक्त अल्ट्रासाउंड मशीन और सोनोग्राफर उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है। उनका कहना था कि संसाधन बढ़ने से ज्यादा मरीजों की जांच समय पर हो सकेगी और महिलाओं को राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में हुए सुधार कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछली बार अस्पताल आने पर परिसर में रोशनी की कमी और शौचालयों की खराब स्थिति देखने को मिली थी, लेकिन इस बार हालात पहले से बेहतर नजर आए। अस्पताल में प्रकाश व्यवस्था सुधरी हुई मिली और वार्डों के शौचालयों में मरम्मत व निर्माण कार्य भी तेजी से चलते दिखाई दिए। अस्पताल निरीक्षण के बाद अपर्णा यादव ने महिला चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया और महिलाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी बात खुलकर रखने के लिए सुरक्षित और सकारात्मक माहौल मिलना चाहिए। कई महिलाएं सामाजिक दबाव या मजाक बनने के डर से अपनी समस्याएं सामने नहीं रख पातीं, जबकि उनकी बात सुना जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और समाज से अपील की कि गांवों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में महिलाओं को बोलने का पूरा अवसर दिया जाए। उनका कहना था कि जब महिलाएं खुलकर अपनी समस्याएं रखेंगी तभी योजनाओं और व्यवस्थाओं का वास्तविक लाभ उन तक पहुंच सकेगा। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की भी सराहना की। निरीक्षण के समय अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिला आयोग उपाध्यक्ष को अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। अपर्णा यादव ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन