Sat 31 Oct 2026

ब्रेकिंग

आरोपी को भगाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 12 पर मुकदमा,7 गिरफ्तार

मीडिया प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्यूरो रिपोर्ट रामपुर,

महिलाओं को झांसे में लेकर जेवर उड़ाने वाले पांच गिरफ्तार

अनिल सिंह सिसौदिया” द्वारा सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुलिस कर्मियों को देश की एकता,अखण्डता एवं सुरक्षा

तिकोनिया पार्क में याद किए गए लौह पुरुष

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

सात महीने से इलाज को तरसा ऑपरेटर : मालिक-मैनेजर पर इलाज का खर्च रोकने का आरोप

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Tue, Sep 15, 2026
Post views : 273


खर्च बंद हुआ तो घर पर कराने लगा उपचार, धमकी देने का भी आरोप; अचलगंज थाने में रिपोर्ट

उन्नाव। बंथर की एक टेनरी में मशीन की चपेट में आने से दाहिना हाथ बुरी तरह घायल होने के बाद एक ऑपरेटर की मुश्किलें खत्म होने के बजाय बढ़ती चली गईं। हादसे के बाद कंपनी ने इलाज और बैठकी का खर्च उठाने की बात कही, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद मदद बंद कर दी गई। इलाज अधूरा रहने के बाद उसे घर लौटना पड़ा। सात महीने से वह अपने स्तर से उपचार करा रहा है। खर्च मांगने पर कंपनी के मालिक और मैनेजर पर उसे व परिवार को धमकाने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के बाद अचलगंज पुलिस ने अब दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

काम करते समय मशीन में फंसा हाथ

सदर कोतवाली क्षेत्र के हिमांचल खेड़ा निवासी श्रीकांत बंथर स्थित ऑक्सफोर्ड टेनरी उर्फ जैबुन्को इंडस्ट्रीज में मशीन ऑपरेटर था। उसकी ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक 16 फरवरी की रात करीब नौ बजे वह कंपनी में काम कर रहा था। इसी दौरान उसका दाहिना हाथ मशीन में फंस गया। हाथ मशीन में बुरी तरह दबने से गंभीर चोट आई और वह काम करने की स्थिति में नहीं रहा। हादसे के बाद कंपनी के मैनेजर अजहर और मालिक कलीमुल्लाह मलिक को घटना की जानकारी हुई। श्रीकांत का कहना है कि दोनों ने इलाज की जिम्मेदारी लेने और बैठकी का खर्च देने की बात कही थी। इसके बाद कंपनी के लोग उसे कानपुर के नासिर अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर वहां डॉक्टरों ने जवाब दे दिया।

रीजेंसी में चला लंबे समय तक इलाज

नासिर अस्पताल से जवाब मिलने के बाद परिवार के लोग श्रीकांत को रीजेंसी अस्पताल ले गए। यहां उसका काफी समय तक इलाज चला। पीड़ित के मुताबिक शुरुआत में कंपनी की तरफ से उपचार का खर्च दिया गया, जिससे परिवार को उम्मीद थी कि इलाज पूरा हो जाएगा। बाद में कंपनी की ओर से पैसा मिलना बंद हो गया। आर्थिक परेशानी के चलते श्रीकांत को अस्पताल से छुट्टी लेकर घर आना पड़ा। इसके बाद से वह अपने स्तर पर आसपास इलाज करा रहा है। उसका कहना है कि हादसे के करीब सात महीने बाद भी हाथ पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है। इलाज के साथ रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी बनी हुई है।

मदद मांगी तो कथित तौर पर मिली धमकी

श्रीकांत ने आरोप लगाया कि उसने इलाज का खर्च जारी रखने के लिए कंपनी के मालिक और मैनेजर से कई बार बात की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। आरोप है कि पैसा मांगने पर उसे और परिवार के लोगों को धमकाया गया। पीड़ित के मुताबिक कंपनी की ओर से यह तक कहा गया कि जो करना है कर लो, एक भी पैसा नहीं दिया जाएगा। पीड़ित का कहना है कि उसने पहले भी कंपनी के अलावा थाने और अधिकारियों के यहां प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। कार्रवाई न होने के बाद वह दोबारा थाने पहुंचा और 14 सितंबर को तहरीर दी।

अब पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

श्रीकांत की तहरीर के आधार पर अचलगंज पुलिस ने टेनरी के मालिक कलीमुल्लाह मलिक और मैनेजर अजहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में हादसे की परिस्थितियों, इलाज के खर्च और पीड़ित की ओर से लगाए गए धमकी के आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन