पेट्रोल पंप के पास युवक को पीटा : पुलिस में जाने पर हत्या की धमकी दी
Mon, Oct 19, 2026
तमंचे की बट से सिर पर वार करने का आरोप, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
उन्नाव। घर लौट रहे एक ड्राइवर को बाबूखेड़ा के पास रोककर मारपीट करने और पुलिस के पास जाने पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली सदर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में दो लोगों को नामजद किया गया है। सिकंदरपुर सरोसी निवासी शोभित यादव ड्राइवर की नौकरी करता है। उसने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर जा रहा था। बाबूखेड़ा में मोनू अवस्थी के पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी वहां खड़े सौम्य अवस्थी उर्फ बाबू और जितेंद्र सोनकर ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। शोभित ने विरोध किया तो मामला मारपीट तक पहुंच गया।
शोर सुनकर पहुंचे लोग
शोभित का आरोप है कि सौम्य ने कमर से तमंचा निकालकर उसकी बट से सिर पर वार किया। वहीं, जितेंद्र ने पास में पड़े डंडे से उसे पीटना शुरू कर दिया। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। इस पर वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचा सका। पीड़ित के मुताबिक, दोनों ने उसका पीछा भी किया और पुलिस में शिकायत करने पर हत्या करने की धमकी दी। घटना के बाद से वह डरा हुआ है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर होगी।
जुआ खेलते पांच गिरफ्तार : 12,980 रुपये बरामद
Mon, Oct 19, 2026
रेथाना गांव में आटा चक्की के पीछे चल रहा था जुए का खेल
उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात 18 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर रेथाना गांव में शशांक की आटा चक्की के पीछे छापा मारा गया। मौके से पुलिस ने पांच लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। उनके पास से कुल 12,980 रुपये और ताश के 52 पत्ते बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीघापुर कस्बा निवासी अभिषेक द्विवेदी (20), मुन्नाखेड़ा निवासी आशुतोष सिंह (24), पाली निवासी दीपांशु शुक्ला (23), शिवरतन खेड़ा निवासी शशिभूषण और बहुराजमऊ निवासी उत्तम गुप्ता (49) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद रकम में आरोपियों की तलाशी से मिले 9,100 रुपये और जुए के फड़ से मिले 3,880 रुपये शामिल हैं। पुलिस ने पांचों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है।
बच्चों को लेकर घर छोड़ने का दबाव : विरोध पर गला दबाने का आरोप
Sun, Oct 18, 2026
दूसरे पति की धमकी से डरी महिला पहुंची थाने, रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। तीन बच्चों के साथ घर में रह रही महिला ने अपने ही पति पर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति उसे बच्चों समेत घर से निकालना चाहता है। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट करता है। आरोप है कि 16 अक्टूबर की सुबह उसने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह बचने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। अचलगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामला अचलगंज थाना क्षेत्र के छेरिहा गांव का है। यहां रहने वाली सुमन देवी के पहले पति मनोज कुमार की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने अमित रैदास से दूसरी शादी की थी। पहले पति से महिला के तीन बच्चे हैं। सुमन का आरोप है कि अमित उसे और उसके बच्चों को लबगातार परेशान करता है। आए दिन गाली देकर घर से निकल जाने के लिए कहता है।
शिकायत करने पर बच्चों को भी मारने की धमकी
सुमन के मुताबिक, 16 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे पति ने उसका गला दबा दिया। उसने किसी तरह खुद को बचाया। महिला का आरोप है कि इसके बाद पति ने धमकी दी कि अगर उसने कहीं शिकायत की तो उसे और उसके बच्चों को जान से मार देगा। पीड़िता ने तहरीर में यह भी कहा है कि पति पहले भी कई बार उसकी जान लेने की कोशिश कर चुका है। आरोप है कि एक बार उसके ऊपर गर्म सब्जी भी डाल दी थी। घटना से परेशान महिला ने 17 अक्टूबर को अचलगंज थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।