बीचबचाव पड़ा भारी : महिला को बचाने पहुंचे तो खुद पिट गए
Sun, Oct 18, 2026
दो युवकों से मारपीट, एक का हाथ टूटा; दूसरे को भी काटकर किया घायल
उन्नाव। गांव में एक महिला के साथ हो रही मारपीट रोकने पहुंचे दो युवकों को खुद हमले का शिकार होना पड़ा। आरोप है कि विरोध करने पर दबंग ने पहले जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया, फिर डंडे से हमला कर दिया। दोनों युवकों के घायल होने के बाद आरोपी पर जान से मारने की धमकी देकर भागने का भी आरोप है। मामले में पुरवा कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामला मिर्रीकला गांव के दौलत खेड़ा मजरे का है। पीड़ित चंद्रशेखर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अक्तूबर की सुबह करीब 9:30 बजे गांव की लक्ष्मी देवी के साथ मोनू लोधी मारपीट कर रहा था। महिला की आवाज सुनकर वह उसे बचाने पहुंचा। आरोप है कि इस पर मोनू ने उसके साथ गालीगलौज शुरू कर दी और सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्द कहे।
डंडे से हमला, हाथ में फ्रैक्चर
चंद्रशेखर के मुताबिक, आरोपी ने उसके दाहिने हाथ और शरीर के कई हिस्सों पर डंडे से वार किए। इतना ही नहीं, उसके दाहिने पैर में दांत से काट लिया। हमले में उसके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इसी दौरान उसे बचाने पहुंचे आशीष कुमार को भी आरोपी ने नहीं छोड़ा। आरोप है कि आशीष के साथ मारपीट की गई और उसके दोनों हाथों में दांत से काटकर घायल कर दिया गया।
ग्रामीण जुटे तो धमकी देकर भागा
तहरीर के अनुसार, घटना के दौरान शोर सुनकर गांव के लोग जुटने लगे तो आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी कि वह कटरी क्षेत्र का रहने वाला है और अब तक दस हत्याएं कर चुका है। उसने चंद्रशेखर और आशीष को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद वह मौके से भाग गया। चंद्रशेखर ने 17 अक्तूबर को पुरवा कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि घटना में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इलाज के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर : विधायक कार्यालय में लगा स्वास्थ्य शिविर
Sun, Oct 18, 2026
कानपुर के वरिष्ठ आर्थो सर्जन डॉ. गोविंद त्रिवेदी ने मरीजों को दी सलाह, सैकड़ों लोगों ने कराया परीक्षण
उन्नाव। हड्डी और जोड़ से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से सदर विधायक पंकज गुप्ता के कैंप कार्यालय में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में कानपुर के वरिष्ठ आर्थो सर्जन डॉ. गोविंद त्रिवेदी और उनके पुत्र डॉ. शिवांश त्रिवेदी ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें जरूरी चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपनी सेहत की जांच कराई। इस दौरान दवा कंपनी की ओर से मरीजों को दवाएं भी वितरित की गईं। विधायक के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में हड्डी और जोड़ संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे सलाह लेने का मौका मिला। डॉक्टरों ने मरीजों को उनकी समस्याओं के अनुसार परामर्श देने के साथ आने वाले समय में होने वाली बीमारियों से बचाव के बारे में भी जानकारी दी।
गांवों के बाद शहर में भी सेवा अभियान
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी सोच के तहत विधानसभा क्षेत्र के गांवों में भी स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उनके जन्मदिन से एक दिन पहले शुरू किए गए अभियान के तहत अब तक कई गांवों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें मरीजों को डॉक्टरों की टीम से परामर्श दिलाने के साथ दवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। विधायक के मुताबिक, इस अभियान में उन्नाव के आवास विकास स्थित वेदांता हॉस्पिटल के प्रबंधक मयंक बाजपेई और प्राचीन्द्र मिश्रा का भी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सीय सलाह मिल सके।
डॉ. गोविंद त्रिवेदी का किया स्वागत
शिविर में पहली बार पहुंचे कानपुर के वरिष्ठ आर्थो सर्जन डॉ. गोविंद त्रिवेदी और उनके पुत्र डॉ. शिवांश त्रिवेदी का विधायक ने अंगवस्त्र और मां दुर्गा का विग्रह भेंटकर स्वागत किया। डॉ. गोविंद त्रिवेदी ने विधायक को शुभकामनाएं दीं और उनसे काफी देर तक बातचीत भी की। नवरात्रि के दौरान आयोजित शिविर की शुरुआत 10 वर्षीय पीहू तिवारी के परीक्षण और उसे चिकित्सीय परामर्श व दवाएं देने के साथ हुई। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों समेत शहर के कई लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान प्रखर गुप्ता, रश्मि गुप्ता, डॉ. मनीष सिंह सेंगर, सभासद ब्रजेश पांडेय, प्रदीप सिंह, प्रमोद सिंह, पवन सिंह और रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अमित मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
घर के पास दुकानदार की दुकान पर गालीगलौज : फिर दरवाजे पर हमला
Sat, Oct 17, 2026
दही क्षेत्र में दो बार मारपीट का आरोप, परिवार के पांच लोग घायल; जिला अस्पताल में कराया इलाज
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के बुटवल गांव में एक व्यक्ति के साथ पहले दुकान के पास गालीगलौज और मारपीट करने, फिर करीब आधे घंटे बाद उसके घर पहुंचकर परिवार के लोगों को पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू की है। गांव निवासी रघुबीर के अनुसार, 13 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह घर के पास पप्पू की दुकान से सामान खरीदने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान ऑटो से पहुंचे संदीप और अजय ने शराब के नशे में उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीचबचाव कराया, जिसके बाद रघुबीर घर चले गए।
आधे घंटे बाद घर पहुंचकर पीटने का आरोप
रघुबीर का आरोप है कि शाम करीब साढ़े सात बजे संदीप, अजय, रिंकू और राधा उनके दरवाजे पर पहुंच गए। वहां गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। रघुबीर को बचाने पहुंचे उनकी पत्नी सुमन, बेटे प्रियांशु और सतीश, भाभी शिवदेवी और बहू सुप्रिया के साथ भी मारपीट की गई। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
जिला अस्पताल में कराया इलाज
तहरीर के मुताबिक, मारपीट में रघुबीर के हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उनकी पत्नी सुमन, बेटे प्रियांशु व सतीश और भाभी शिवदेवी को भी चोटें लगीं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। रघुबीर ने 16 अक्टूबर को दही थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।