उपलब्धि : बैसवारा से पनामा सिटी तक पहुंचेगी सहकारिता की आवाज
Tue, Sep 8, 2026
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की नुमाइंदगी करेंगे अंकित सिंह परिहार, युवाओं और रोजगार पर रखेंगे बात
उन्नाव। बैसवारा की धरती से निकलकर अब सहकारिता की आवाज हजारों किलोमीटर दूर पनामा सिटी में सुनाई देगी। भगवंतनगर क्षेत्र के अंकित सिंह परिहार को अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन (आईसीए) वैश्विक सम्मेलन एवं महासभा-2026 में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। मध्य अमेरिका के पनामा सिटी में होने वाले इस सम्मेलन में दुनिया के अलग-अलग देशों से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि पहुंचेंगे। यहां सिर्फ सहकारिता के कामकाज पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि युवाओं की भागीदारी, रोजगार के नए रास्ते और बदलते समय में सहकारी संस्थाओं की भूमिका जैसे मुद्दे भी चर्चा का हिस्सा होंगे।
पहले भी विदेश में बढ़ा चुके हैं भारत का मान
अंकित सिंह परिहार के लिए यह पहला अंतरराष्ट्रीय मंच नहीं है। इससे पहले इंग्लैंड के वार्विक में उन्हें सहकारिता के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर घोषित किया जा चुका है। अब पनामा में मिलने वाला यह मौका उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव को आगे बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
क्षेत्र के युवाओं से जोड़ रहे उम्मीद
अंकित की पनामा यात्रा को स्थानीय स्तर पर भी अहम माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाने से सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं जुड़ी है, बल्कि इससे बैसवारा और भगवंतनगर के युवाओं को भी दुनिया के दूसरे हिस्सों में चल रहे काम और अवसरों को समझने का मौका मिलेगा। अंकित सिंह परिहार का कहना है कि सम्मेलन में भारत की सहकारिता व्यवस्था और युवाओं की क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने का प्रयास रहेगा। साथ ही सम्मेलन के दौरान बने संपर्कों और मिले अनुभवों को क्षेत्र के विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में उपयोग करने की कोशिश की जाएगी।
पनामा से लौटेगा नया अनुभव
अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन दुनिया भर में सहकारिता से जुड़े संगठनों का प्रमुख मंच है। ऐसे में इस सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ शामिल होना क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पनामा में होने वाली चर्चाओं और दूसरे देशों के प्रतिनिधियों से होने वाले संवाद से मिलने वाले अनुभव भविष्य में क्षेत्र के युवाओं और सहकारिता से जुड़े कामों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। अंकित की इस उपलब्धि को भगवंतनगर और बैसवारा क्षेत्र के लोगों ने गौरव का विषय बताया है।
घर में घुसे चोर : जो मिला समेट ले गए
Mon, Sep 7, 2026
बाहर खड़ी स्पेलेंडर भी उठाई, अंदर से चार मोबाइल और पर्स से 4 हजार ले गए
बन्धूहार में रात के अंधेरे में घर को बनाया निशाना, सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। शहर में चोरों के हौसले एक बार फिर देखने को मिले। बन्धूहार में रात के समय एक घर को निशाना बनाकर चोरों ने बाहर खड़ी बाइक से लेकर घर के अंदर रखा मोबाइल और नकदी तक नहीं छोड़ी। वारदात में चोर स्पेलेंडर बाइक, चार मोबाइल फोन और पर्स में रखें चार हजार भी लेकर फरार हो गए। सुबह सामान गायब मिलने पर परिवार में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित ने सदर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले बाइक पर हाथ साफ किया, फिर घर में घुसे
बन्धूहार निवासी हसनैन पुत्र स्व. तैय्यब के मुताबिक, 30 अगस्त की रात उनकी स्पेलेंडर बाइक घर के दरवाजे पर खड़ी थी। रात में किसी समय चोरों ने बाइक चोरी कर ली। इसके बाद चोर घर के अंदर रखे सामान पर भी हाथ साफ कर गए। हसनैन ने पुलिस को बताया कि घर से चार मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। इनमें तीन मोबाइल फोन सिम लगे हुए थे, जबकि एक मोबाइल बिना सिम का था। इसके अलावा घर में रखा एक पर्स भी गायब मिला, जिसमें करीब चार हजार रुपये रखे थे।
सुबह सामान देखा तो खुली चोरी की पोल
रात में परिवार को चोरी की भनक नहीं लगी। सुबह सामान और बाइक गायब मिलने पर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद आसपास के इलाके में बाइक और चोरी हुए सामान की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित ने चार सितंबर को सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीसीटीवी से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस अब वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। साथ ही चोरी हुई बाइक और मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाकर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वाइन फ्लू से देवर-भाभी की मौत : एक दिन के अंतराल में थमी सांसें
Mon, Sep 7, 2026
संपर्क में आए 16 लोगों के लिए सैंपल, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर की जांच
उन्नाव। स्वाइन फ्लू (एच1एन1) ने गंजमुरादाबाद क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। अटवा बैक गांव निवासी देवर-भाभी की लखनऊ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक दिन के अंतराल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, दोनों की जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। दो मौतों की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। रविवार को सीएचसी की टीम गांव पहुंची और मृतकों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। 16 लोगों के सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे गए हैं।अटवा बैक गांव निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को कुछ दिन पहले तेज बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी हुई थी। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। इसी दौरान उनकी 56 वर्षीय भाभी की तबीयत भी खराब हो गई। उन्हें भी उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण मिलने पर डॉक्टरों ने जांच कराई। परिजनों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों का उपचार शुरू किया गया।
दो सितंबर को देवर, अगले दिन भाभी की मौत
उपचार के दौरान दो सितंबर की देर रात 50 वर्षीय व्यक्ति की हालत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इसके अगले ही दिन तीन सितंबर को उनकी 56 वर्षीय भाभी ने भी दम तोड़ दिया। लगातार दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के बेटे ने दोनों की जांच रिपोर्ट के साथ स्वास्थ्य विभाग को ई-मेल के माध्यम से इसकी जानकारी दी।
टीम ने गांव पहुंचकर की कांटैक्ट ट्रेसिंग
मामले की जानकारी एसीएमओ डॉ. जयराम सिंह को मिली तो स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। रविवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. मंजेश के नेतृत्व में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम अटवा बैक गांव पहुंची। टीम ने मृतकों के परिवार के सदस्यों और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। कांटैक्ट ट्रेसिंग के दौरान 16 लोगों के संपर्क में आने की बात सामने आई। सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी संक्रमण की स्थिति
सीएमओ ने बताया कि अस्पताल या संबंधित लैब की ओर से स्वास्थ्य विभाग को अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। परिजन ने ई-मेल के माध्यम से दोनों की जांच रिपोर्ट और मौत की जानकारी दी थी। इसके आधार पर टीम को गांव भेजकर संपर्क में आए लोगों की जांच कराई गई है। 16 लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।