इलाज के लिए बढ़ाया मदद का हाथ : दो जरूरतमंद परिवारों को मिली राहत
Wed, Jul 15, 2026
अंकित सिंह परिहार बोले, क्षेत्र का हर परिवार मेरा अपना परिवार
उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार ने दो जरूरतमंद परिवारों की मदद कर एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। आर्थिक अभाव के चलते इलाज कराने में असमर्थ परिवारों के लिए उन्होंने आवश्यक आर्थिक सहयोग का प्रबंध कराया, जिससे दोनों मरीजों का उपचार शुरू हो सका।जानकारी के मुताबिक, कोटवर गांव की रहने वाली सीमा देवी यादव गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। वहीं महेशखेड़ा गांव की चार वर्षीय मासूम सृष्टि रावत भी लंबे समय से बीमार थी। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। परिजनों ने कई स्तर पर प्रयास किए, लेकिन संसाधनों की कमी उनके सामने बड़ी बाधा बनी हुई थी। मामले की जानकारी मिलने पर अंकित सिंह परिहार ने तुरंत पहल की। उन्होंने दोनों मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराईं, ताकि इलाज में किसी तरह की रुकावट न आए। बाद में उन्होंने अपने कार्यालय में पीड़ित परिवारों को अस्पताल की रसीदें और उपचार से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे। इस दौरान अंकित सिंह परिहार ने कहा कि क्षेत्र का हर परिवार उनके लिए अपने परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के सामने संकट की स्थिति आने पर उसकी मदद करना उनका नैतिक दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए वह आगे भी हरसंभव प्रयास करते रहेंगे। इस पहल के बाद दोनों परिवारों ने राहत महसूस करते हुए उनका आभार जताया। परिजनों का कहना था कि समय पर मिली मदद से इलाज शुरू हो सका, जिससे उन्हें बड़ी चिंता से राहत मिली। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की मदद करना समाजसेवा की अच्छी मिसाल है। उनका मानना है कि ऐसे प्रयासों से लोगों का भरोसा मजबूत होता है और जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहारा मिल पाता है।
लोकनगर की सड़क पर फिर अटका काम : विधायक के पत्र के बाद एनओसी पर छिड़ी नई बहस
Tue, Jul 14, 2026
प्रदर्शन के बाद डीएम को लिखा पत्र, पालिकाध्यक्ष बोली, 2 जुलाई को ही दे चुके हैं अनापत्ति प्रमाणपत्र
जिम्मेदारी को लेकर विभागों के अलग-अलग दावे
उन्नाव। लोकनगर से कब्बाखेड़ा को जोड़ने वाली करीब 200 मीटर लंबी जर्जर सड़क का निर्माण एक बार फिर विभागीय उलझन में फंसता नजर आ रहा है। शनिवार को स्थानीय लोगों के प्रदर्शन और सदर विधायक पंकज गुप्ता के मौके पर पहुंचकर जल्द काम शुरू कराने के आश्वासन के बाद अब मामला प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। विधायक ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नगर पालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कराने की मांग की है, ताकि सड़क का निर्माण किसी अन्य विभाग या उपलब्ध मद से कराया जा सके। हालांकि नगर पालिका ने दावा किया है कि वह एनओसी पहले ही जारी कर चुकी है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि जब एनओसी उपलब्ध है तो निर्माण कार्य अब तक शुरू क्यों नहीं हो सका। लोकनगर की यह सड़क पिछले लंबे समय से बदहाल पड़ी है। बरसात में सड़क पर जलभराव होने से गहरे गड्ढे नजर नहीं आते और आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई मोहल्लों को जोड़ता है और प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी से नाराज लोगों का धैर्य शनिवार को जवाब दे गया। वार्ड सभासद पंकज लोधी के नेतृत्व में 50 से अधिक लोगों ने सड़क पर भरे पानी के बीच बैठकर प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि सोमवार या मंगलवार से सड़क निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद विधायक ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है और इसका निर्माण जनहित में जल्द कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि नगर पालिका की योजना से कार्य संभव नहीं हो पा रहा है तो एनओसी जारी कर अन्य योजना या उपलब्ध बजट से सड़क बनवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। हालांकि नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने विधायक के पत्र के बाद अलग दावा किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से 2 जुलाई को ही अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है। सड़क का निर्माण किसी भी सक्षम विभाग या उपलब्ध मद से कराया जा सकता है। ऐसे में अब निर्माण कार्य शुरू कराने में एनओसी कोई बाधा नहीं है। इस पूरे मामले में पहले भी विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर भ्रम की स्थिति सामने आ चुकी है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा 'भानू' ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सड़क को लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी बताया था और कहा था कि पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके जवाब में लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि रायबरेली-बिलग्राम मार्ग से जुड़े पुराने सफीपुर मार्ग का 1.80 किलोमीटर तक चौड़ीकरण फरवरी 2026 में कराया जा चुका है, लेकिन उसके आगे का हिस्सा विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। विभाग ने यह भी कहा कि जिस 200 मीटर सड़क की बात हो रही है, वह उसकी सीमा से बाहर है। अब जबकि विधायक की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भेजा जा चुका है और नगर पालिका भी एनओसी जारी होने का दावा कर रही है, ऐसे में लोगों की नजर जिला प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी है। सभासद ओंमेंद्र पंकज लोधी और क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभागीय पत्राचार और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया अब काफी लंबी हो चुकी है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, इसलिए प्रशासन को तत्काल समन्वय बनाकर निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
यात्रा का मार्ग तय : 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की 31वीं भव्य रथ यात्रा
Tue, Jul 14, 2026
समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होने की अपील
उन्नाव। भगवान श्री जगन्नाथ की 31वीं भव्य रथ यात्रा को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को सिटी पैलेस में सार्वजनिक श्री श्री जगन्नाथ जी रथ यात्रा समिति (रजि.) की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित कर यात्रा की रूपरेखा साझा की गई। इस दौरान यात्रा की स्मारिका का भी विमोचन किया गया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा 16 जुलाई (गुरुवार) को शाम सात बजे पूरे धार्मिक उल्लास और पारंपरिक भव्यता के साथ निकाली जाएगी।समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश चौरसिया और महामंत्री विजय गुप्ता ने बताया कि मुख्य सेवायत कृष्ण प्रिय मोती श्याम के सानिध्य में निकलने वाली यह यात्रा वर्षों से शहर की धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा का प्रमुख आयोजन रही है। हर साल हजारों श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त करते हैं।प्रबंधक निर्भय निगम ने बताया कि यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मीडिया प्रमुख डॉ. मनीष सिंह सेंगर और प्रवक्ता अशोक रस्तोगी ने बताया कि यात्रा लक्ष्मी टॉकीज के पास स्थित दिनेश्वर मंदिर में हवन-पूजन के बाद शाम सात बजे शुरू होगी। रथ गांधी नगर तिराहा, छोटा चौराहा, बड़ा चौराहा और आईबीपी चौराहा होते हुए मोती नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास क्लासिक लॉन तक पहुंचेगा, जहां निर्धारित पड़ाव रहेगा। संयोजक भानु प्रताप सिंह और कर्णधार विवेक गुप्ता ने बताया कि पूरे मार्ग में आकर्षक धार्मिक झांकियां, ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और आतिशबाजी यात्रा का आकर्षण बढ़ाएंगे। विभिन्न स्थानों पर विशेष झांकियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।समिति ने इस बार श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया है। महिला मंडल अध्यक्ष निम्मी अरोड़ा ने बताया कि पड़ाव स्थल पर रथ को रोका जाएगा, जहां सभी श्रद्धालु नीचे से भगवान की आरती और दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालु अपना भोग स्वयं रथ पर अर्पित करेंगे, जबकि महाप्रसाद का वितरण रथ के पीछे से किया जाएगा, ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की असुविधा न हो। संरक्षक प्रथम श्रीवास्तव ने जिले के लोगों से परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल होने की अपील की। समिति ने मीडिया से भी आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया। प्रेसवार्ता के अंत में "जय जगन्नाथ" के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर व्यापार संगठन नगर अध्यक्ष अमित मिश्रा, प्रतीक चौरसिया, अरविंद वर्मा, विनय प्रकाश श्रीवास्तव, राजकुमार याज्ञसेनी, श्रवण राजपाल, अभिषेक श्रीवास्तव शंकर, डॉ. संजय मिश्रा, संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।