प्रशासन मुस्तैद : कार्तिक पूर्णिमा पर बक्सर घाटों में सुरक्षा का रहेगा पहरा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Nov 21, 2026
डीएम और एसएसपी ने परखी तैयारियां, गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए होगी बैरिकेडिंग

उन्नाव। कार्तिक पूर्णिमा पर बक्सर के घाटों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्नान के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो, इसके लिए घाटों पर सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। शनिवार को डीएम घनश्याम मीना और एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बक्सर पहुंचकर अलग-अलग घाटों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मां चंद्रिका घाट और नमामि गंगे घाट समेत अन्य स्नान स्थलों पर व्यवस्थाएं देखीं। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को घाटों पर पहुंचने से लेकर स्नान और पूजा-पाठ करने तक किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पेयजल, रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। घाटों पर कूड़ेदान भी रखवाए जाएं, जिससे गंदगी न फैले।

गहरे पानी में जाने से रोकने की तैयारी
नदी में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। जरूरत के मुताबिक बांस-बल्ली लगाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित दायरे में स्नान कराने की व्यवस्था की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर तैनात रहेंगे। उनके मोबाइल नंबर भी संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के पास उपलब्ध रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद ली जा सके।

जलस्तर पर भी रहेगी नजर
डीएम ने नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। घाटों पर नियमित सफाई के साथ सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी जरूरी इंतजाम पर्व से पहले पूरे कर लिए जाएं, जिससे बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन