ब्लैक आउट मॉकड्रिल : सायरन बजते ही अलर्ट हुई टीमें, अंधेरे में सुरक्षित रहने का कराया अभ्यास
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Nov 22, 2026
डीएम-एसएसपी ने परखी आपातकालीन तैयारियां, हवाई हमले से बचाव का किया गया रिहर्सल

रोशनी बंद करने से लेकर घायलों को बचाने तक परखा गया रिस्पांस

उन्नाव। अचानक सायरन बजने लगे और कुछ ही देर में पुलिस लाइन की रोशनी बुझा दी गई। माहौल ऐसा बनाया गया, जैसे किसी हवाई हमले का खतरा मंडरा रहा हो। इस दौरान किस विभाग की क्या जिम्मेदारी होगी और संकट के समय किस तरह लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाएगा, इसका व्यावहारिक अभ्यास किया गया। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के जरिए विभिन्न विभागों की आपातकालीन तैयारियों को परखा गया। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में हुए इस अभ्यास में पुलिस के साथ एनसीसी, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें शामिल रहीं।

अभ्यास के दौरान सायरन और हूटर के जरिए खतरे का संकेत दिया गया। इसके बाद ब्लैक आउट की स्थिति बनाकर रोशनी नियंत्रित करने और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास कराया गया। साथ ही आपात स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया भी दोहराई गई। अलग-अलग विभागों की टीमों ने अपनी जिम्मेदारियों के मुताबिक कार्रवाई का रिहर्सल किया। मॉक ड्रिल का मकसद केवल सुरक्षा व्यवस्था का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि वास्तविक संकट के समय विभागों के बीच तालमेल और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना रहा। ऐसे अभ्यास से यह समझने में मदद मिलती है कि अचानक खतरे की सूचना मिलने पर किस तरह कम समय में बचाव और राहत कार्य शुरू किए जा सकते हैं।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन