छोटी-छोटी बातों पर बिगड़ा माहौल : सात जगह मारपीट
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Nov 10, 2026
कहीं नशा करने से रोकने पर विवाद तो कहीं डीजे और रास्ते को लेकर भिड़ंत, महिलाओं समेत कई लोग घायल
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में आपसी विवाद और कहासुनी के बाद मारपीट की सात अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। दो दिनों के भीतर हुई इन घटनाओं में कई परिवारों के लोग घायल हुए हैं। कहीं घर के दरवाजे पर नशा करने से रोकने पर विवाद बढ़ा तो कहीं गाली-गलौज, डीजे की आवाज और रास्ते से आने-जाने को लेकर लोग आमने-सामने आ गए। कुछ घटनाओं में बीचबचाव करने पहुंचे परिवार के सदस्य भी मारपीट की चपेट में आ गए। एक मामले में युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जबकि दूसरी घटनाओं में महिलाओं को भी चोटें आईं। इन घटनाओं में विवाद की वजहें भी अलग-अलग रहीं। कहीं पुरानी रंजिश सामने आई तो कहीं रोजमर्रा की बात पर कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। दो गांवों में एक ही दिन दो अलग-अलग पक्षों के बीच घटनाएं हुईं। पुलिस ने सभी सात मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नेवरना : दरवाजे पर नशा करने से रोकने पर विवाद
नेवरना निवासी मोनू के दरवाजे के पास एक अज्ञात व्यक्ति नशा कर रहा था। मना करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच रामू और दिनेश पुत्र रामचंद्र भी पहुंच गए। एफआईआर में पुरानी रंजिश का जिक्र है। मारपीट में मोनू, पत्नी नीलम, पिता होरीलाल और मां मिथलेश घायल हुए। आरोपियों में रामू और दिनेश के नाम दर्ज हैं।
उम्मेदखेड़ा : खाना बनाते समय हसीना से कहासुनी
उम्मेदखेड़ा निवासी हसीना घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान हनुमान पुत्र अकबर, जय सिंह और उधुम पुत्रगण हनुमान दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर हसीना को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटा गया। बीचबचाव करने पहुंचे भाई अनिल को भी चोटें आईं। घायल हसीना और अनिल हैं।
पड़री कला : राजू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार
पड़री कला में लुल्लू के दरवाजे के सामने राजू पुत्र रामपाल से विवाद हो गया। एफआईआर में राजकुमार, भूरे उर्फ शिवाकांत, संजय और डब्लू लोध के नाम दर्ज हैं। आरोप है कि राजू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। उसे बचाने पहुंचे सुमेर, लवकुश, खुशी, मोहित और तुलसा भी घायल हुए। गंभीर हालत में राजू को जिला अस्पताल भेजा गया।
सैदपुर : ताश खेलने से मना करने पर मारपीट
सैदपुर निवासी रामप्रसाद के दरवाजे पर अंशु पुत्र रामगोपाल शराब के नशे में ताश खेल रहा था। गाली-गलौज करने पर रामप्रसाद ने उसे मना किया तो विवाद बढ़ गया। एफआईआर में अंशु पर रामप्रसाद के साथ मारपीट करने का आरोप है। इस घटना में रामप्रसाद घायल हुए। आरोपी अंशु सैदपुर का रहने वाला है।
द्वारिकाखेड़ा : डीजे बंद कराने पर दंपती को पीटा
द्वारिकाखेड़ा में रात करीब एक बजे डीजे बंद कराने की बात पर हरिचरन का पवन और शिवा पुत्रगण रामखेलावन, छोटेलाल पुत्र रामगुलाम और बाबू पुत्र रामगुलाम से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद हरिचरन को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया। बचाने पहुंचीं पत्नी रामप्यारी भी घायल हो गईं। दोनों को सीएचसी लोहचा ले जाया गया।
द्वारिकाखेड़ा : रास्ते को लेकर परिवार से मारपीट
इसी गांव में दूसरी घटना में रास्ते से आने-जाने और गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ। रामसजीवन की शिकायत पर हरिचरन उर्फ हरबू पुत्र रामप्रसाद, प्रदीप उर्फ फुल्ली पुत्र रामप्रसाद, रामप्रसाद पुत्र मुशरू और गुरुचरन पुत्र रामप्रसाद के नाम रिपोर्ट में दर्ज हैं। मारपीट में रामसजीवन, पत्नी सावित्री और बेटी शिवानी घायल हुईं।
कुशलपुर : देवी मंदिर के पास भाइयों को पीटा
कुशलपुर में देवी मंदिर के पास मनीष कुमार अपने भाई मोनू के साथ जा रहे थे। इसी दौरान सुशील लोध पुत्र अज्ञात, शिवम और दो अन्य लोगों से कहासुनी हो गई। गाली देने से मना करने पर मारपीट हुई। मनीष के सिर, दाहिने हाथ और कमर में चोट आई, जबकि भाई मोनू को भी पीटा गया। सभी आरोपी कुशलपुर के निवासी बताए गए हैं।
सातों मामलों में पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
अचलगंज थाना क्षेत्र में मारपीट की सात अलग-अलग घटनाओं में पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अलग-अलग गांवों में हुई इन घटनाओं की पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन