भरोसे की आड़ में ऑनलाइन ठगी : युवक से 3.10 लाख लिए, जीजा के खाते से भी उड़ाए 1.91 लाख
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Nov 11, 2026
रुपये वापस मांगने पर किया इनकार, भागलपुर की युवती समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। ऑनलाइन एप के जरिए हुई बातचीत के बाद एक युवक कथित साइबर ठगी का शिकार हो गया। आरोप है कि करीब 10 महीने तक संपर्क में रहने वाली बिहार की एक युवती ने अलग-अलग जरूरतें बताकर उससे करीब 3.10 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आधार कार्ड का इस्तेमाल कर उसके नाम पर 7,500 रुपये का लोन भी करवा लिया। इतना ही नहीं, बीमा कराने का बहाना बनाकर मोबाइल पर स्क्रीन शेयरिंग करवाने के बाद युवक के जीजा के खाते से भी 1.91 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर बिहार थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिल्लीपुर निवासी राजकमल के मुताबिक, करीब 10 महीने पहले एक ऑनलाइन एप के माध्यम से उसकी बातचीत बिहार के भागलपुर जिले की रहने वाली हेमलता कुमारी से शुरू हुई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवती अलग-अलग कारण बताकर उससे रुपये मांगने लगी। ऑनलाइन माध्यम और डॉलर के रूप में उसने करीब 3.10 लाख रुपये ले लिए। बाद में रुपये वापस मांगने पर उसने इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि युवती ने उसका आधार कार्ड लेकर उसका दुरुपयोग किया और करीब 7,500 रुपये का लोन भी करवा लिया। इसके अलावा बीमा कराने समेत अन्य बहाने से उसके मोबाइल पर स्क्रीन शेयरिंग कराई गई। इसी दौरान उसके जीजा राममिलन के मोबाइल पर आए ओटीपी का इस्तेमाल कर उनके बैंक खाते से 1.91 लाख रुपये निकाल लिए गए। रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी गई। राजकमल ने हेमलता कुमारी के साथ ही जीतेन्द्र कुमार और अमित कुमार के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की। थाना बिहार पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन