किसी की पढ़ाई, किसी का इलाज… : फिर मददगार बने अंकित सिंह परिहार
Thu, Oct 29, 2026
मेडिकल की फीस और ऑपरेशन का खर्च उठाने में की मदद, दो जरूरतमंद परिवारों को मिली राहत
उन्नाव। किसी घर में बेटी की पढ़ाई का सपना हो या परिवार के किसी सदस्य के इलाज की चिंता, आर्थिक तंगी कई बार मुश्किलें बढ़ा देती है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के नेता अंकित सिंह परिहार ने दो जरूरतमंद परिवारों की मदद की। भगवंतनगर क्षेत्र के पच्चोडा गांव की दिव्या शुक्ला की मेडिकल की पढ़ाई के लिए फीस का इंतजाम कराया, इसके अलावा मगरयार गांव के प्रेम शंकर यादव के ऑपरेशन का खर्च उठाने में सहयोग किया। ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
20 साल से लोगों के सुख-दुख में साथ
अंकित सिंह परिहार पिछले 20 वर्षों से क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में भागीदारी निभा रहे हैं। उनका कहना है कि जरूरत के समय किसी परिवार के काम आना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों को निभाने का भी हिस्सा है। दिव्या की पढ़ाई के लिए फीस की व्यवस्था होने से उसके परिवार को राहत मिली, वहीं प्रेम शंकर के ऑपरेशन के खर्च में सहयोग से इलाज में मदद मिली। अंकित परिहार का बातचीत के दौरान उनका मानना है कि बच्चों की शिक्षा में सहयोग देकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने का रास्ता तैयार किया जा सकता है। इसी तरह, बीमारी और आर्थिक संकट के समय जरूरतमंदों के साथ खड़े रहना भी जरूरी है। उनके मुताबिक, परिवार क्षेत्र के लोग उनके लिए केवल क्षेत्रवासी नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा हैं। इसी भावना के साथ जरूरतमंदों की मदद का प्रयास लगातार जारी है।
कहीं पार्क तो कहीं स्मृति द्वार : शहर से गांव तक पटेल की स्मृति में काम
Wed, Oct 28, 2026
सेल्फी प्वाइंट और ओपन जिम भी बने, प्रेसवार्ता में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने दी जानकारी
उन्नाव। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर जिले में उनकी स्मृति से जुड़े विकास कार्यों और आवास विकास स्थित पटेल पार्क में प्रतिमा के लोकार्पण की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में अलग-अलग स्थानों पर पार्क, स्मृति द्वार, सेल्फी प्वाइंट और ओपन जिम विकसित किए गए हैं। इन कार्यों के जरिए सरदार पटेल के योगदान को याद रखने के साथ सार्वजनिक स्थलों को भी विकसित किया गया है।विधायक ने बताया कि आवास विकास कॉलोनी में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से सरदार पटेल की स्मृति में पार्क बनवाया गया है। शहर के प्रवेश मार्ग पर बाईपास के पास भी स्मृति स्थल तैयार किया गया है। वहीं, सिविल लाइंस में कचहरी के प्रवेश मार्ग पर विधायक निधि से सरदार पटेल स्मृति द्वार बनवाया गया है। इसी इलाके में लोगों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी तैयार कराया गया है।
ब्लॉक परिसर में प्रतिमा के साथ ओपन जिम
पंकज गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में भी सरदार पटेल की स्मृति में काम कराए गए हैं। सिकंदर सरोसी ब्लॉक परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां पार्क और ओपन जिम भी बनाया गया है। इससे क्षेत्रीय लोगों को खुले स्थान पर व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी।
पटेल पार्क में प्रतिमा का लोकार्पण
प्रेसवार्ता में आवास विकास स्थित पटेल पार्क में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापना और लोकार्पण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। यह आयोजन उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर प्रस्तावित है। विधायक ने कहा कि सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता व अखंडता में योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इन प्रयासों का प्रमुख उद्देश्य है।
यह लोग रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में उन्नाव विकास संस्थान के प्रबंधक अशोक पटेल, महिला जिला अध्यक्ष निम्मी अरोड़ा, संयोजक राम सुमेर सिंह, सभासद अशोक सिंह (मुन्ना), उपाध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह, कार्यक्रम प्रभारी सुखसागर, सदस्य प्रवेध समिति अनिल पटेल, संरक्षक रश्मि मोहन अग्निहोत्री, सांस्कृतिक संयोजक डॉ. मनीष सिंह सेंगर और शैमी वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल की जयंती पर शुभकामनाएं भी दीं।
डंपर ने तोड़े तीन पोल : 3.28 लाख का हुआ नुकसान
Wed, Oct 28, 2026
चकलवंशी में 11 केवी और एलटी लाइन क्षतिग्रस्त, रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार डंपर बिजली के पोलों से टकरा गया। हादसे में 11 केवी लाइन का एक और एलटी लाइन के दो पोल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे बिजली की लाइन और केबल को भी नुकसान पहुंचा। विभाग ने करीब 3.28 लाख रुपये की क्षति का आकलन किया है। मामले में माखी थाने में डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना 27 अक्तूबर की रात करीब एक से तीन बजे के बीच की बताई गई है। बिजली विभाग के मुताबिक, ऐराभदियार उपकेंद्र से निकलने वाले 11 केवी परियर फीडर की लाइन भीमेश्वर मंदिर, परियर रोड और चकलवंशी चौराहे से होते हुए खुमानखेड़ा गांव तक जाती है। इसी मार्ग पर लक्ष्य हॉस्पिटल के सामने हाईटेंशन लाइन का एक पोल और चकलवंशी चौराहे के पास लो टेंशन लाइन के दो पोल डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गए। विभागीय तहरीर में डंपर संख्या RJ 11 GC 6975 के चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। पोलों के साथ एबी केबल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हुई। इससे चकलवंशी सहित कई गांवों और मोहल्लों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित होने की बात तहरीर में कही गई है।33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र ऐराभदियार के अवर अभियंता राजेंद्र प्रसाद ने नुकसान की जानकारी देते हुए माखी थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।